न्याय व्यवस्था की दोहरी तस्वीर: विचाराधीन अंदर, सजायाफ्ता बाहर- जानिए कारण और समाधान
एक ओर, जहाँ गरीब विचाराधीन सालों तक जेल की दीवारों के भीतर अपनी जवानी और भविष्य गँवा देते हैं, वहीं कई सजायाफ्ता प्रभावशाली लोग अपील, जमानत या पैरोल के सहारे लंबे समय तक आजाद बाहर घूमते रहते हैं. यह दोहरी तस्वीर सिर्फ आंकड़ों की नहीं, बल्कि भारतीय न्याय व्यवस्था की विश्वसनीयता पर प्रश्नचिन्ह है. क्यों होता है ऐसा? इसके पीछे क्या कारण हैं और क्या है समाधान? आइये विस्तार से जानें.

जब कोई व्यक्ति वर्षों तक मुकदमे के फैसले के इंतजार में जेल की दीवारों के भीतर अपनी जवानी, स्वास्थ्य और भविष्य तीनों खो देता है, जबकि उसी न्याय व्यवस्था में वे लोग बाहर आजाद घूमते हैं जिनकी सजा पहले ही सुनाई जा चुकी होती है या जिनके खिलाफ गंभीर आरोपों के मामले वर्षों से लंबित रहते हैं, तब मन में एक प्रश्न बार-बार उठता है- क्या हमारी न्याय व्यवस्था सच में सबके लिए समान है? विचाराधीन कैदी भारतीय जेलों में बंद कुल कैदियों का लगभग तीन-चौथाई हिस्सा हैं. इनमें अधिकतर युवा, कम पढ़े-लिखे और सामाजिक-आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग से आते हैं. दूसरी ओर, प्रभाव, पैसा और पहुंच रखने वाले कई सजायाफ्ता या हाई-प्रोफाइल आरोपी लंबे समय तक निर्बाध जीवन जीते दिखते हैं. यह दोहरी तस्वीर अब किसी से छिपी नहीं है. यह आलेख इसी असमानता की निष्पक्ष पड़ताल है- केवल तथ्यों, व्यवस्था की खामियों और संभावित समाधानों पर दृष्टि केंद्रित करते हुए.

यह विरोधाभास केवल आंकड़ों या अमूर्त चर्चा तक सीमित नहीं है. यह रोजमर्रा की सच्चाई बन चुका है. जब हम विचाराधीनों की लाचारी को एक ओर और सजायाफ्ता या हाई-प्रोफाइल लोगों की आजादी को दूसरी ओर रखकर देखते हैं, तो न्याय व्यवस्था की वह दरार साफ़ नज़र आने लगती है जो समय के साथ और गहरी होती जा रही है.
1.न्याय व्यवस्था: दोहरी तस्वीर- असमानता (Justice System: The Dual Face- Inequality)
भारतीय न्याय व्यवस्था की सबसे स्पष्ट और चिंताजनक तस्वीर जेलों के आंकड़ों में दिखती है. राष्ट्रीय अपराध रिकॉर्ड ब्यूरो (NCRB) की प्रिजन स्टैटिस्टिक्स (Prison Statistics) के अनुसार, 2024 के अंत तक देश की जेलों में कुल कैदियों में से लगभग 72.6 प्रतिशत विचाराधीन (Undertrial) थे. यानी करीब 3.71 लाख लोग अभी भी मुकदमे के अंतिम फैसले की प्रतीक्षा कर रहे थे. जेलों की कुल क्षमता लगभग 4.53 लाख है, जबकि वास्तविक संख्या 5.11 लाख के आसपास पहुंच गई है. इस अत्यधिक भीड़ (Overcrowding) का स्तर कई राज्यों में 150 प्रतिशत से भी अधिक है.
ये विचाराधीन (Undertrials) अधिकतर युवा होते हैं. लगभग आधे 30 वर्ष से कम आयु के हैं. इनमें से अधिकांश की शिक्षा दसवीं कक्षा से भी आगे नहीं बढ़ी होती है और ये समाज के निम्न, निम्न-मध्यम व पिछड़े वर्ग से आते हैं. गरीब परिवारों के लोग जमानत की राशि जुटाने, अच्छे-महंगे वकील रखने या बार-बार अदालत जाने में असमर्थ होते हैं. परिणामस्वरूप, उनका मुकदमा धीरे-धीरे चलता रहता है, और वे सालों तक जेलों में पड़े रहते हैं. जेलों में भीड़भाड़ के कारण स्वास्थ्य, स्वच्छता और मानसिक तनाव की समस्याएं गंभीर हो चुकी हैं.
इसके ठीक विपरीत तस्वीर उन मामलों की है जिनमें अदालत सजा सुना चुकी होती है, या जिनके खिलाफ गंभीर आरोपों के मामले वर्षों से लंबित रहते हैं, फिर भी व्यक्ति लंबे समय तक बाहर रहता है. इसके कुछ प्रमुख उदाहरण निम्नलिखित हैं:
सोनिया गाँधी: राजनीतिक क्षेत्र में पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गाँधी का उदाहरण अत्यंत महत्वपूर्ण है, जो करीब ₹2,000 करोड़ के कथित नेशनल हेराल्ड वित्तीय घोटाले में मुख्य आरोपी हैं. उनपर दर्ज धोखाधड़ी और धन शोधन (मनी लौन्डरिंग) के इस बेहद गंभीर मामले में वे साल 2015 से ही अदालत द्वारा मिली नियमित जमानत (Bail) पर बाहर हैं. हालाँकि, दिसंबर 2025 में ट्रायल कोर्ट ने तकनीकी खामियों का हवाला देते हुए ईडी (ED) की चार्जशीट पर संज्ञान लेने से इनकार कर दिया था, लेकिन अपील में फिर दिल्ली हाईकोर्ट ने 27 जुलाई 2026 को सोनिया गाँधी को ईडी की याचिका पर जवाब दाख़िल करने के लिए तीन हफ्ते का समय देते हुए अगली सुनवाई की तारीख 10 सितंबर 2026 मुकर्रर की. इसके अतिरिक्त, उन पर 1980 की मतदाता सूची में कथित फर्जी दस्तावेजों से नाम शामिल कराने जैसे कुछ अन्य नागरिकता विवाद से जुड़ा मुकदमा भी अदालत में लंबित है.
राहुल गाँधी: भारत के कद्दावर नेताओं और प्रधानमंत्री पद के दावेदारों में शामिल राहुल गाँधी का उदाहरण भी इस न्यायिक विसंगति को पुख्ता करता है, जिनके खिलाफ नेशनल हेराल्ड के गंभीर वित्तीय घोटाले से लेकर मानहानि और आय से अधिक संपत्ति के करीब 19 से अधिक आपराधिक मामले देश की विभिन्न अदालतों में लंबित हैं. साल 2023 के ‘मोदी उपनाम’ मानहानि मामले में सूरत की निचली अदालत द्वारा अधिकतम 2 साल की जेल की सजा सुनाये जाने के बावजूद, उन्हें सुप्रीम कोर्ट से तुरंत दोषसिद्धि पर स्थगन (Stay) मिल गया , जिसके कारण वे एक दिन भी जेल नहीं गए और उनकी सांसदी भी बहाल हो गई.
लालू प्रसाद यादव: बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री, पूर्व रेल मंत्री, राष्ट्रीय जनता दल के संस्थापक, संरक्षक और राष्ट्रीय अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव न्याय व्यवस्था की दोहरी तस्वीर का एक बहुत बड़ा और पुराना उदहारण हैं. इनके खिलाफ चारा घोटाले (Fodder Scam), आय से अधिक संपत्ति (Disproportionate Assets Case) और नौकरी के बदले जमीन (Land for Jobs Scam) जैसे अनेक मामले हैं. चारा घोटाले के मुख्य आरोपी लालू प्रसाद यादव के खिलाफ कानूनी शिकंजा मार्च 1996 में सीबीआई (CBI) जांच के साथ शुरू हुआ था, लेकिन विशेष अदालत से उन्हें पहली सजा मिलने में ही 17 साल (सितंबर 2013) का लंबा वक्त लग गया. इसके बाद भी, निचली अदालतों द्वारा पाँच अलग-अलग मामलों में सजायाफ्ता होने के बावजूद, बीमारी और तकनीकी आधार पर उन्हें उच्च अदालतों से बार-बार जमानत मिलती रही है, जिसके चलते वे अपने जेल-काल का अधिकांश हिस्सा अस्पतालों या जेल से बाहर ही बिता रहे हैं- राजनीति कर रहे हैं.
विदित हो कि तीन दशक बीत जाने के बाद भी, चारा घोटाले से जुड़ी अपीलें और साल 2022 में दर्ज हुआ ‘जमीन के बदले नौकरी’ का नया मामला उच्च अदालतों में लंबित है. 14 जुलाई 2026 को सुप्रीम कोर्ट ने भी सीबीआई की याचिका पर उनकी जमानत रद्द करने से इनकार कर दिया और हाईकोर्ट को लंबित अपीलों को जल्द निपटाने का निर्देश दिया.
सलमान खान: अभिनेता वर्ग में सलमान खान का काला हिरण (ब्लैकबक) मामला लंबे समय से चर्चा में है. यह मामला वर्ष 1998 का है, जिसमें काले हिरणों का शिकार किया गया था. 2018 में निचली अदालत ने उन्हें दोषी ठहराया था और 5 साल के सश्रम कारावास व 10,000 रुपये जुर्माने की सजा सुनाई थी, मगर तबसे (28 सालों से) अपील और जमानत के कारण वे बाहर हैं. अभी भी यह मामला उच्च अदालत में लंबित है.

तरुण तेजपाल: पत्रकारिता जगत में तहलका (Tehelka) पत्रिका के पूर्व संपादक तरुण तेजपाल का मामला शामिल है. वर्ष 2013 में यौन उत्पीड़न और बलात्कार के आरोप के मामले में, वर्ष 2021 में निचली अदालत ने उन्हें बरी कर दिया था. इसके बाद वे लंबे समय तक बाहर रहे. 6 अगस्त 2026 को बॉम्बे हाईकोर्ट ने निचली अदालत का फैसला पलटते हुए उन्हें 10 वर्ष के सश्रम कारावास की सजा सुनाई और आत्मसमर्पण करने को कहा.
कुछ अन्य महत्वपूर्ण उदाहरण- चर्चित मामले भी हैं जिनके आरोपी या सजायाफ्ता लोग निर्णय में विलंब, सजा निलंबन, पैरोल, जमानत या अपील लंबित होने के कारण लंबे समय तक आजाद घूमते या अधिकांश बाहर रहते आये हैं. इनकी संक्षिप्त जानकारी (अगस्त 2026 तक के सार्वजनिक अदालती रिकॉर्ड और समाचार रिपोर्ट पर आधारित) नीचे सारिणी में दी गई है:
| व्यक्ति का नाम और क्षेत्र | मुख्य मामला और अपराध/आरोप | अदालती निर्णय/सजा की स्थिति | वर्तमान स्थिति | संक्षिप्त विवरण |
| गुरमीत राम रहीम (डेरा सच्चा सौदा प्रमुख) | दुष्कर्म और हत्या (साध्वियों से दुष्कर्म और और पत्रकार रामचंद्र की हत्या) | अदालत द्वारा 20 वर्ष का कठोर कारावास और उम्रकैद की सजा. | सजा काट रहे हैं, मगर पैरोल-फर्लो पर बार-बार बाहर आते हैं. | वर्ष 2017 में दोषी ठहराए जाने के बाद से ये सैकड़ों दिन जेल से बाहर बिता चुके हैं. |
| आसाराम बापू (उपदेशक/प्रचारक) | नाबालिग से दुष्कर्म (आश्रम में नाबालिग लड़की का यौन उत्पीड़न) | अदालत द्वारा आजीवन कारावास (उम्रकैद) की कठोर सजा. | जेल में बंद, लेकिन बीच-बीच में स्वास्थ्य के आधार पर पैरोल या अंतरिम जमानत मिलती रही है. | उम्रकैद की सजा होने के बावजूद अंतरिम राहत मिलती रही है. |
| अफजाल अंसारी (सपा/पूर्व बसपा नेता) | गैंगस्टर एक्ट (2007) (भाजपा विधयक कृष्णानंद राय की हत्या के बाद दर्ज केस) | विशेष एमपी-एमएलए कोर्ट ने 4 साल की जेल की सजा सुनाई थी, जिससे उनकी सांसदी छिन गई थी. | जमानत पर बाहर. सुप्रीम कोर्ट ने दोषसिद्धि (Conviction) पर रोक (Stay) लगा दी, जिससे इनकी सांसदी पुनः बहाल हो गई. | निचली अदालत से अपराधी घोषित होने के बाद भी ऊपरी अदालत से केवल तकनीकी आधार पर राहत पाकर ये बिना सजा काटे बाहर घूम रहे हैं, संसदीय कार्य-कानून निर्माण प्रक्रिया में भाग ले रहे हैं. |
| नवजोत सिंह सिद्धू (राजनीति और क्रिकेट) | पटियाला रोड रेज मामला (1988) कहासुनी के बाद एक बुजुर्ग (गुरनाम सिंह) की मारपीट के कारण हुई मौत का मामला | सुप्रीम कोर्ट ने 2022 में रिव्यू पीटिशन पर सजा बढ़ाकर एक साल का कठोर कारावास तय किया था. | सजा पूरी करके बाहर. इन्होंने पटियाला मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी (CJM) की अदालत में आत्मसमर्पण किया था और अच्छे आचरण के कारण 10 महीने की सजा काटकर अप्रैल 2023 में रिहा हुए. | घटना के 34 साल बाद इन्हें सजा मिली. इस कारण एक सजायफ्ता व्यक्ति अपने जीवन काल की बहुत बड़ी अवधि बाहर गुजारने के बाद बुढ़ापे में कुछ महीनों के लिए जेल गया. |
| सैयद अहमद बुखारी (शाही इमाम, जामा मस्जिद) | पुलिस पर हमला और दंगा भड़काना (2001). भीड़ का नेतृत्व कर पुलिस पर हमला करने और सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुँचाने का गंभीर आरोप. | अदालत द्वारा बार-बार गैर-जमानती वारंट (NBW) जारी किये गए. जुलाई 2026 में आचार संहिता के उल्लंघन के एक अन्य पुराने मामले में मुजफ्फरनगर कोर्ट से इन्हें जमानत मिली. | पूरी तरह बाहर रहे हैं, कभी गिरफ्तार नहीं हुए. | पुलिस और प्रशासन ‘सांप्रदायिक तनाव’ का बहाना बनाकर दशकों तक इनके खिलाफ जारी गैर-जमानती वारंट को तामील कराने से बचती रही है. |
| संजय दत्त (अभिनेता) | 1993 का मुंबई बम ब्लास्ट केस. आतंकवादी घटना से जुड़े अवैध हथियार (एके-56) अपने पास छिपाकर रखने का गंभीर मामला | सुप्रीम कोर्ट ने टाडा (TADA) कोर्ट के फैसले को संशोधित करते हुए 5 साल की जेल की सजा तय की थी. | सजा पूरी करके बाहर. इन्हें यरवदा जेल भेजा गया था, लेकिन पूरी सजा के दौरान बार-बार मिलने वाली पैरोल और फर्लो के कारण अधिकांश समय जेल से बाहर रहे. | आम कैदियों के लिए दुर्लभ पैरोल की सुविधा इन्हें पानी की तरह मिली. इसलिए ये जेल की दीवारों के भीतर कम और बाहर अपनी दुनिया ज्यादा दिखाई दिए. |
| हेमंत मोदी उर्फ स्पंदन मोदी (अभिनेता/मॉडल) | नरोदा मर्डर और दंगा केस (2005) हत्या के एक मामले मुख्य आरोपी | अदालत द्वारा आजीवन कारावास (उम्रकैद) की सजा- जेल. | वर्ष 2026 में फिर गिरफ्तार कर जेल भेजा गया. | पैरोल जंप की हैरतअंगेज कहानी: वर्ष 2014 में 30 दिनों की पैरोल पर बाहर निकला और फरार हो गया और 12 साल तक नाम बदलकर मुंबई में ‘ठग्स ऑफ़ हिंदुस्तान’ जैसी बड़ी फिल्मों और विज्ञापनों में काम करता रहा. पुलिस उसे ढूंढती रही और वह टीवी स्क्रीन पर दिखता रहा. |
| विनय कुलकर्णी (कर्णाटक कांग्रेस विधायक, पूर्व मंत्री) | योगेश गौड़ा हत्याकांड (2016) भाजपा जिला पंचायत सदस्य की हत्या- सीबीआई जांच मामला | साल 2026 में विशेष सीबीआई अदालत ने दोषी करार देते हुए उम्रकैद (आजीवन कारावास) की सजा सुनाई. | जमानत पर बाहर. विधायकी भी बहाल. 31 जुलाई 2026 को कर्णाटक हाईकोर्ट ने इनकी सजा को निलंबित (Suspend) करने के साथ-साथ दोषसिद्धि (Conviction) पर रोक लगा दी, जिससे वे मुक्त हो गए और सदस्यता भी बहाल हो गई. | निचली अदालत से हत्या के अपराध में उम्रकैद की सजा मिलने के मात्र कुछ ही महीनों के भीतर उच्च न्यायलय ने सजा निलंबित कर दी. साथ ही, उनकी दोषसिद्धि पर भी रोक लगा दी. इससे उन्हें आजादी के साथ विधायकी भी वापस मिल गई. अब वे विधायी कार्यों में हिस्सा ले रहे हैं. |
| वाईएस जगनमोहन रेड्डी (आंध्रप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री) | आय से अधिक संपत्ति और भ्रष्टाचार. पदों का दुरुपयोग कर करोड़ों रुपयों के वित्तीय घोटाले- सीबीई जांच मामला | भ्रष्टाचार के गंभीर मामलों में सीबीआई द्वारा गिरफ्तारी की गई थी. | वर्ष 2013 से लगातार जमानत (Bail) पर बाहर हैं. | पिछले 12 से अधिक वर्षों से ये नियमित जमानत पर बाहर हैं. इस बीच उन्होंने मुख्यमंत्री पद का कार्यकाल भी पूरा कर लिया, और उनका मुकदमा (ट्रायल) आज तक अटका हुआ है. |
| अनंत सिंह उर्फ छोटे सरकार (मोकामा से जदयू विधायक, बाहुबली ) | अवैध हथियार (एके-47) बरामदगी, दुलारचंद यादव हत्याकांड में आरोपी | विशेष एमपी-एमएलए कोर्ट ने 10 साल की सजा सुनाई थी, हाईकोर्ट ने बरी कर दिया. हत्याकांड में नियमित जमानत मिली. | वर्तमान में वे मोकामा से सक्रिय विधायक हैं और गोपालगंज आर्म्स केस में जांच का सामना कर रहे हैं. | सजायाफ्ता होने के बावजूद स्वास्थ्य व राजनीतिक कारणों से ये लगातार पैरोल पाकर लंबे समय तक जेल से बाहर रहे और राजनीति करते रहे हैं. |
ये उदाहरण बताते हैं कि कुछ मामलों में सजा की महज औपचारिकता निभाई गई तो कुछ में निलंबन और दोषसिद्धि पर रोक लग गई, और कुछ में अपील लंबित होने के कारण जमानत जारी रही- आज भी जारी है.
लेकिन, विचाराधीन की स्थिति इसके बिल्कुल विपरीत है. NCRB के आंकड़ों के अनुसार जेलों में लगभग 72-73 प्रतिशत कैदी विचाराधीन हैं. ये अधिकतर संसाधनहीन वर्ग से आते हैं और फैसले के इंतजार में सालों बिता देते हैं.
कानून कहता है कि दोषसिद्धि के बाद सजा पर अमल होना चाहिए, मगर व्यवहार में प्रभाव, अपील पर वर्षों तक सुनवाई और कुछ प्रावधानों या ‘तकनीकी कारणों’ से मामलों में देरी होती है. यही व्यवस्था की दोहरी तस्वीर या न्यायपालिका में भ्रष्टाचार को दर्शाता है, जिसमें बिचौलियों और वकीलों का एक बहुत बड़ा नेटवर्क काम करता है. यह नेटवर्क उम्मीद के आखिरी दरवाजे को भी अंदर ही अंदर खाये जा रहा है.
2.न्याय व्यवस्था: असमानता के मुख्य कारण (Justice System: Main Causes of Inequality)
न्याय व्यवस्था में विचाराधीन कैदियों के अंदर होने और सजायाफ्ता लोगों के बाहर आजाद घूमने वाली दोहरी तस्वीर या स्थिति अचानक नहीं बनी है, बल्कि यह लंबे समय से चली आ रही व्यवस्थागत खामियों का परिणाम है. ये खामियां या कारण भी अनेक हैं और एक दूसरे से गहराई से जुड़े हैं, जिन्हें समझे बिना समस्या का समाधान नहीं खोजा जा सकता है.
(1) न्यायिक देरी और अपील की लंबी प्रक्रिया (Judicial Delays & Lengthy Appeals Process)
भारत में मुकदमों की संख्या न्यायाधीशों और अदालतों की संख्या (प्रति न्यायाधीश औसतन 2200 से अधिक मुकदमे) के अनुपात में अधिक है. निचली अदालत में फैसला होने के बाद अपील हाईकोर्ट और फिर सुप्रीम कोर्ट तक पहुँचती है. इस पूरी प्रक्रिया में अक्सर 5 से 15 वर्ष या इससे भी अधिक समय लग जाता है. जब तक अंतिम निर्णय नहीं आ जाता है, कई मामलों में सजा निलंबित रहती है या जमानत जारी रहती है. परिणामस्वरूप, सजा सुनाये जाने के बावजूद आरोपी लंबे समय तक बाहर रहता है. लेकिन, विचाराधीनों (Undertrials) के मामले में यह देरी उलटी दिशा में काम करती है – ये सालों तक जेल में पड़े रहते हैं क्योंकि उनका मुकदमा ही पूरा नहीं हो पाता है.
(2) पैसे, प्रभाव और कुशल वकीलों की भूमिका (Money, Influence and the Role of Lawers)
जिनके पास आर्थिक संसाधन होते हैं, वे अनुभवी और महंगे वकील रखते हैं. ये वकील जमानत अर्जी, स्थगन याचिका, तकनीकी आपत्तियाँ और प्रक्रिया संबंधी चुनौतियाँ लगातार दायर करते रहते हैं. इससे मामला और लंबा खिंचता है. प्रभावशाली लोगों के मामलों में अदालतों में सुनवाई की तारीखें भी अपेक्षाकृत तेजी से मिलती दिखती हैं. इसके विपरीत, गरीब विचाराधीन के पास अक्सर कानूनी सहायता का अभाव होता है. मुफ़्त कानूनी सेवाएं उपलब्ध होने के बावजूद उनकी गुणवत्ता और उपलब्धता सीमित रहती है. परिणामस्वरूप, वे जेल में ही रहते हैं.
(3) सजा निलंबन और जमानत संबंधी प्रावधानों का व्यापक उपयोग (Suspension of Sentence and the Extensive Utilization of Bail Provisions)
कानून में अपील लंबित रहने तक सजा स्थगित रखने का प्रावधान है. यह प्रावधान सिद्धांत के रूप में न्यायसंगत है, क्योंकि आखिरी फैसला आने तक व्यक्ति को निर्दोष माना जाना चाहिए. लेकिन, व्यवहार में यह प्रावधान कई रसूखदार लोगों या हाई-प्रोफाइल मामलों में बार-बार इस्तेमाल होता है. सजा सुनाये जाने के बावजूद व्यक्ति जेल नहीं जाता है. जमानत के मानदंड भी प्रभावशाली लोगों के पक्ष में अधिक लचीले दिखाई देते हैं, जबकि गरीब आरोपी के लिए जमानत मिलना कठिन होता है.
(4) पुलिस और प्रशासन की निष्क्रियता (Police & Administrative Inaction)
कई मामलों में समन और वारंट की तामील होने में लंबा वक्त लग जाता है. गैर-जमानती वारंट का भी निष्पादन नहीं होता है. प्रभावशाली लोगों के खिलाफ कार्रवाई में देरी या ढिलाई देखने को मिलती है. कभी-कभी पुलिस यह कहकर पीछे हट जाती है कि व्यक्ति उपलब्ध नहीं है या सुरक्षा संबंधी चुनौतियाँ हैं. इससे अदालत के आदेश का पालन नहीं हो पाता है और व्यक्ति बाहर घूमता रहता है.
(5) राजनीतिक और सामाजिक दबाव (Political & Social Pressure)
कुछ मामलों में राजनीतिक समीकरण, सांप्रदायिक संवेदनशीलता (जैसे सैयद अहमद बुखारी का मामला) या सार्वजनिक प्रतिक्रिया के डर से प्रशासन कड़ी कार्रवाई करने से हिचकता है. प्रभावशाली व्यक्ति किसी न किसी रूप में सत्ता या सामाजिक समूहों से जुड़े होते हैं. इससे उनके खिलाफ कार्रवाई में अतिरिक्त सावधानी बरती जाती है, जो व्यावहारिक रूप से देरी का कारण बन जाती है.
अंत में, कानूनी प्रावधानों में भी खामियाँ हैं. विचाराधीन की रिहाई के लिए बनाये गए प्रावधान- जैसे लंबी अवधि तक जेल में रहने पर रिहाई- अक्सर प्रभावी ढ़ंग से लागू नहीं होते हैं. और सजायाफ्ता के लिए अपील और स्थगन के रास्ते अपेक्षाकृत आसान बने रहते हैं. मुकदमों की संख्या कम करने, न्यायाधीशों की नियुक्ति तेज करने और प्रक्रिया को सरल बनाने के प्रयासों में भी पर्याप्त प्रगति नहीं हो पाई है.
ये सभी कारण मिलकर न्याय व्यवस्था में वह दोहरी तस्वीर बनाते हैं, जिसमें एक वर्ग सालों तक जेल में सड़ता है और दूसरा वर्ग सजा के बावजूद लंबे समय तक स्वतंत्र जीवन जीता रहता है. यह असमानता केवल व्यक्तिगत मामलों तक सीमित नहीं है, बल्कि व्यवस्था की विश्वसनीयता को भी कमजोर करती है.
3.न्याय व्यवस्था: असमानता के दुष्परिणाम (Justice System: Impact of Inequality)
न्याय व्यवस्था में असमानता- ‘विचाराधीन अंदर और सजायाफ्ता बाहर’ वाली इस दोहरी तस्वीर का प्रभाव केवल व्यक्तिगत स्तर तक सीमित नहीं रहता है, बल्कि इसके गहरे और व्यापक दुष्परिणाम पूरे समाज को प्रभावित और दूषित करते हैं.
(1) आम आदमी का न्याय व्यवस्था से भरोसा उठना (Diminishing Public Trust in the Legal System)
जब लोग बार-बार देखते हैं कि प्रभावशाली लोग सजा के बावजूद बाहर आजाद घूमते हैं, जबकि गरीब और संसाधनहीन लोग सालों तक जेल में पड़े रहते हैं, तो उनके मन में यह धारणा बनने लगती है कि कानून सबके लिए बराबर नहीं है. यह धारणा लोकतंत्र की नींव को कमजोर करती है. न्याय प्रणाली पर विश्वास कम होने से लोगों का झुकाव अदालतों के बजाय अन्य रास्तों की ओर होने लगता है, जो समाज के लिए खतरनाक है.
(2) अपराधियों का दुस्साहस बढ़ना (Increase in Criminal Audacity)
जब सजा पर अमल देर से होता है या प्रभाव के बल पर टलता रहता है, तो अपराधियों और आपराधिक मनोवृत्ति (उदंड स्वभाव) के लोगों में यह संदेश जाता है कि पकड़े जाने और सजा भुगतने के बीच लंबा अंतराल है. इससे उनके मन में कानून का डर कम हो जाता है. अमीर और प्रभावशाली वर्ग में तो यह भावना और भी मजबूत हो सकती है कि संसाधन और पहुँच के दम पर कानून की कठोरता से बचा जा सकता है.
(3) जेलों पर अनावश्यक बोझ (Undue Burden on Prisons)
विचाराधीन कैदियों की भारी संख्या के कारण जेलें अपनी क्षमता से अधिक भरी हुई हैं. NCRB के आंकड़ों के अनुसार जेलों में अत्यधिक भीड़ की समस्या बनी हुई है. इससे न केवल कैदियों के स्वास्थ्य और मानवाधिकार प्रभावित होते हैं, बल्कि जेल प्रशासन पर भी अतिरिक्त दबाव पड़ता है. सजायाफ्ता लोगों के बाहर रहने से जेलों पर बोझ तो नहीं बढ़ता है, लेकिन गलत संदेश के कारण विचाराधीनों में रोष और तनाव की स्थिति बनती है, जिससे वहाँ की व्यवस्था भी प्रभावित होती है. मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, कैदियों के बीच अक्सर मारपीट होती रहती है.
(4) समाज में असंतोष और आक्रोश का बढ़ना (The Increase of Dissatisfaction and Outrage in Society)
लंबी और थकाऊ न्यायिक प्रक्रिया से परेशान लोग जब देखते हैं कि अदालतों में भेदभाव और पक्षपात भी हो रहा है, तो उनका असंतोष आक्रोश में बदल जाता है और ध्रुवीकरण तथा वैमनस्य को जन्म देता है. दीर्घकाल तक बनी रहने वाली यह असमानता अंततः अराजकता में परिवर्तित होकर सामाजिक ताने-बाने को छिन्न-भिन्न कर देती है और विधि के शासन (कानून के शासन) की नींव को कमजोर करती है.
इस प्रकार, न्याय व्यवस्था की यह दोहरी तस्वीर केवल कुछ लोगों स्वतंत्रता या कैद तक सीमित नहीं है. यह पूरे समाज के विश्वास, सुरक्षा और स्थिरता को प्रभावित करती है. यदि इस असमानता को समय रहते दूर नहीं किया गया, तो इसके दुष्परिणाम और गहरे होते जायेंगे.
4.न्याय व्यवस्था: समाधान- सुधार के उपाय (Justice System: Solutions- Reform Measures)
न्याय व्यवस्था में व्याप्त विसंगतियों को दूर करना असंभव नहीं है. इसके लिए ठोस, व्यावहारिक और समयबद्ध सुधारों की आवश्यकता है. नीचे कुछ प्रमुख उपाय दिए गए हैं, जो समस्याओं की जड़ पर चोट कर सकते हैं.

(1) सुनवाई में तेजी और समयबद्ध अपील की व्यवस्था (Speedy Hearings & Time-Bound Apeals System)
सबसे पहले तेज सुनवाई और समयबद्ध अपील की व्यवस्था जरुरी है. मुकदमों की संख्या कम करने के लिए न्यायाधीशों की संख्या में पर्याप्त वृद्धि करनी होगी. अपील की प्रक्रिया के लिए स्पष्ट समय-सीमा तय की जानी चाहिए. उदाहरण के लिए, हाईकोर्ट में अपील को 6 से 12 महीने और सुप्रीम कोर्ट में 6 महीने के भीतर निपटाने का लक्ष्य रखा जा सकता है. विशेष अदालतों का विस्तार और डिजिटल सुनवाई को भी बढ़ावा देने से भी देरी कम हो सकती है. सुप्रीम कोर्ट और हाईकोर्ट ने समय-समय पर सुनवाई में तेजी लाने के निर्देश दिये हैं पर उनका प्रभावी क्रियान्यवन आवश्यक है.
(2) सजा पर अमल को सख्त बनाना (Strict Enforcement of Sentences)
सजा सुनाये जाने के बाद निलंबन या जमानत को अपवाद माना जाना चाहिए, नियम नहीं. गंभीर अपराधों में सजा निलंबन के लिए कड़े मानदंड लागू किये जायें. गैर-जमानती वारंट जारी होने पर उसका निष्पादन निश्चित समय-सीमा में अनिवार्य बनाया जाये. अदालत के आदेशों के क्रियान्यवन में होएं वाली किसी भी प्रकार की कोताही के लिए संबंधित पुलिस और प्रशासन को जवाबदेह ठहराया जाये.
(3) विचाराधीनों की संख्या कम करना (Reducing the Number of Undertrials)
लंबे समय से जेल में बंद विचाराधीन कैदियों की नियमित समीक्षा हो. अंडरट्रायल रिव्यू कमेटियों (UTRC) को और प्रभावी बनाया जाये. छोटे और साधारण मामलों में जमानत को आसान बनाया जाये. धारा 479 (भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता- BNSS) जैसे प्रावधान का सख्ती से पालन हो, ताकि निर्धारित अवधि से अधिक समय तक कोई विचाराधीन कैदी जेल में न रहे. मुफ़्त कानूनी सहायता प्रणाली को मजबूत कर गरीब और मजबूर आरोपियों को बेहतर वकील उपलब्ध कराये जायें.
(4) पारदर्शिता और जवाबदेही बढ़ाना (Enhancing Transparency & Accountability)
जेलों की स्थिति, विचाराधीनों की संख्या, वारंट निष्पादन और सजा पर अमल की जानकारी सार्वजनिक रूप से उपलब्ध हो. वार्षिक रिपोर्ट में इन आंकड़ों को प्रमुखता दी जाये. न्यायधीशों, पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों के प्रदर्शन का आकलन इन संकेतकों के आधार पर भी हो.
(5) कानूनी सुधार (Legal Reforms)
कुछ सुझाव इस प्रकार हो सकते हैं- अपील लंबित रहने पर स्वतः सजा निलंबन की प्रवृत्ति को सीमित करना, गंभीर अपराधों में सजा पर अमल को प्राथमिकता देना और मुकदमों की संख्या कम करने के लिए वैकल्पिक विवाद समाधान तंत्र (मध्यस्थता, सुलह) को बढ़ावा देना. न्यायाधीशों की नियुक्ति प्रक्रिया को तेज और पारदर्शी बनाना भी आवश्यक है.
अंत में, नागरिकों में जागरूकता की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है. आम नागरिक जब अपने अधिकारों और अदालती प्रक्रियाओं के बारे में जागरूक होंगे, तो वे दबाव बना सकेंगे. मीडिया, नागरिक समाज, और शिक्षण संस्थानों को इस विषय पर निरंतर चर्चा करनी चाहिए. जब समाज असमानता के प्रति संवेदनशील होगा, तो सुधार की मांग और मजबूत होगी.
ये उपाय यदि ईमानदारी और निरंतरता के साथ लागू किये जायें, तो न्याय व्यवस्था की विसंगतियां धीरे-धीरे कम हो सकती हैं. कानून सबके लिए बराबर हो सकता है बशर्ते कि मजबूत इच्छाशक्ति और ठोस कार्रवाई हो.
निष्कर्ष
न्याय व्यवस्था में विचाराधीनों के जेल और सजायाफ्ता के बाहर आजाद घूमने वाली दोहरी तस्वीर व्यवस्था और समाज के सामने एक गंभीर चुनौती है. विचाराधीन कैदियों की भारी संख्या, जेलों में अत्यधिक भीड़भाड़, गरीब-मजबूर लोगों की लंबी कैद और प्रभावशाली लोगों के मामलों में देरी या सजा के अमल में ढिलाई- ये सब मिलकर व्यवस्था की विश्वसनीयता को कम करते हैं. न्यायिक देरी, संसाधनों की असमानता, सजा निलंबन के प्रावधानों का व्यापक उपयोग, प्रशासनिक निष्क्रियता और राजनीतिक-सामाजिक दबाव इस असमानता के मुख्य कारण हैं. इसके दुष्परिणाम स्पष्ट हैं- आम आदमी का विश्वास टूटना, अपराधियों का साहस बढ़ना, जेलों पर अनावश्यक बोझ और समाज में असंतोष.
फिर भी, यह निराशा का कारण नहीं है. तेज सुनवाई, समयबद्ध अपील, सजा के अमल को सख्त बनाना, विचाराधीनों की नियमित समीक्षा, पारदर्शिता बढ़ाना और कानूनी सुधार जैसे उपायों से स्थिति बदली जा सकती है. नागरिकों में जागरूकता और निरंतर दबाव भी सुधार की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं. यदि इन उपायों को ईमानदारी से लागू किया जाये, तो असमानता धीरे-धीरे कम हो सकती है.
लेकिन चेतावनी भी आवश्यक है. यदि सुधारों में देरी होती रही या इच्छाशक्ति की कमी रही, तो यह दोहरी तस्वीर और गहरी होती जाएगी. कानून के शासन का सिद्धांत कमजोर पड़ेगा और सामाजिक स्थिरता भी प्रभावित होगी.
अंतिम संदेश स्पष्ट और सरल है- कानून सबके लिए बराबर होना चाहिए. चाहे कोई कितना भी प्रभावशाली हो या कितना भी संसाधनहीन, न्याय की प्रक्रिया और उसका अमल समान रूप में होना चाहिए. तभी न्याय व्यवस्था सही मायनों में न्याय की व्यवस्था बन जाएगी.
Support us for the Truth
Information platforms that spread lies never lack funding. They have a well-organised international network that keeps their business running. We need your support to fight them. Please contribute whatever you can afford.
Pay








