धर्म-कर्म

ब्रह्मांड और फ्रीक्वेंसी का खेल: क्या आपका दिमाग रेडियो ट्यूनर की तरह काम करता है?

क्या आप जानते हैं कि आपका अवचेतन मन इस प्रकृति के अदृश्य रेडियो स्टेशनों से हर पल जुड़ा हुआ है? ब्रह्मांड और फ्रीक्वेंसी के इस गहरे रहस्य में जानिए कैसे आपकी एक छिपी हुई भावना आपकी पूरी क़िस्मत तय कर रही है. एक ऐसा सच, जो आपके जीवन को देखने का नज़रिया बदल देगा.

Don't miss out!
Subscribe To Newsletter
Receive top education news, lesson ideas, teaching tips and more!
Invalid email address
Give it a try. You can unsubscribe at any time.

क्या आपने कभी सोचा है कि आप जो मांगते है, वह क्यों नहीं मिलता है? रोज प्रार्थना करते हैं, सकारात्मक सोचते हैं, फिर भी क़िस्मत साथ नहीं देती है. क्या यह सिर्फ संयोग है या ब्रह्मांड और हमारा दिमाग किसी रहस्यमय खेल में एक दूसरे से जुड़े हुए हैं? इस लेख में हम उसी रहस्य को खोल रहे हैं. वेदों से लेकर क्वांटम फिजिक्स (Quantum Physics) तक, हम देखेंगे कि ब्रह्मांड और फ्रीक्वेंसी का यह खेल कैसे चल रहा है. क्या हमारा दिमाग सच में रेडियो ट्यूनर की तरह काम करता है? क्या हमारी सोच और भावनाएं ब्रह्मांड को कोई संदेश भेजती हैं? यह लेख न तो सिर्फ आध्यात्मिक है और न ही सिर्फ वैज्ञानिक; हम दोनों को सम्मान देते हुए सच्चाई को मथेंगे. अगर आप भी अपनी ज़िन्दगी में कुछ बेहतर बदलाव लाना चाहते हैं, तो यह लेख आपके लिए है.

ब्रह्मांड और फ्रीक्वेंसी का खेल: दिमाग की भूमिका और जीवन पर प्रभाव

अब सवाल उठता है कि आख़िर ब्रह्मांड और फ्रीक्वेंसी का यह खेल शुरू कहाँ से होता है? ब्रह्मांड ख़ुद क्या कहता है और हमारे प्राचीन ऋषि-मुनियों ने इस बारे में क्या समझा था? चलिए सबसे पहले ब्रह्मांड की इस अनंत ऊर्जा को समझते हैं, फिर देखेंगे कि हमारा दिमाग उससे कैसे जुड़ा हुआ है.

1.ब्रह्मांड क्या कहता है?

ब्रह्मांड कोई निर्जीव जगह नहीं है, बल्कि यह एक जीवंत ऊर्जा का महासागर है. हमारे प्राचीन ऋषि-मुनि इसे स्पंदन (Vibration) कहते थे. हर चीज़- चाहे वह तारा हो, पेड़ हो या हमारा अपना शरीर, लगातार एक निश्चित फ्रीक्वेंसी (आवृत्ति) पर कंपन कर रही है.

वेदों और उपनिषदों में ब्रह्मांड का मूल ब्रह्म को माना गया है, जो सर्वव्यापी और एक है. ‘यत पिंडे तत ब्रह्मांडे’ का सिद्धांत इसी दर्शन से आता है- जो हमारे भीतर (सूक्ष्म रूप में) है, वही बाहर यानी इस सृष्टि में (विराट रूप में) भी है.

आधुनिक विज्ञान भी इस दिशा में बढ़ रहा है. क्वांटम फिल्ड थ्योरी (Quantum Field Theory) बताती है कि जिसे हम ‘ठोस पदार्थ’ समझते हैं, वह वास्तव में ऊर्जा की तरंगों का खेल है.

जब हम सच्चाई को गहराई से समझ लेते हैं, तो स्वाभाविक रूप से सवाल उठता है- अगर हर चीज़ ऊर्जा है, तो हम अपनी ऊर्जा (विचारों और भावनाओं) को ब्रह्मांडीय उर्जा के साथ कैसे जोड़ सकते हैं? यहीं से ब्रह्मांड और फ्रीक्वेंसी का खेल शुरू होता है, जिसमें हमारा दिमाग सबसे बड़ा खिलाड़ी है. लेकिन सबसे दिलचस्प बात यह है कि क्या हम जानते हैं कि हमारा दिमाग ब्रह्मांडीय तरंगों के साथ किस प्रकार ट्यून (Tune) यानी संरेखित होता है?

(2)यत पिंडे तत ब्रह्मांडे: शरीर में ही पूरा ब्रह्मांड

यह सूत्र भारतीय दर्शन का सबसे गहरा और शक्तिशाली वाक्य है. इसका सरल अर्थ है- ‘जो ब्रह्मांड में है, वही हमारे शरीर (पिंड) में भी है.’

मतलब यह है कि हमारे इस छोटे-से मानव शरीर में भी पूरे ब्रह्मांड की एक प्रतिलिपि (नकल) मौजूद है. जैसे ब्रह्मांड में सूर्य, चंद्रमा, ग्रह, नक्षत्र और ऊर्जा के प्रवाह हैं, वैसे ही हमारे शरीर में भी ह्रदय (सूर्य), मन (चंद्रमा) नाड़ियां (ऊर्जा चैनल) और विचारों के कंपन हैं. यानी जैसा ऊपर है वैसा ही नीचे है.

प्राचीन ऋषियों ने हजारों वर्ष पहले यह बात समझ ली थी कि मनुष्य ब्रह्मांड का ही एक लघु रूप (Microcosm) है. जब हम अपने अंदर शांति और संतुलन लाते हैं, तो हम बाहर की दुनिया को भी प्रभावित करते हैं.

यह सिर्फ एक दार्शनिक बात नहीं है. आज के समय में आधुनिक वैज्ञानिक और न्यूरोसाइंटिस्ट भी इस विचार को गहराई से स्वीकार कर रहे हैं. वे मानते हैं कि ब्रह्मांड और फ्रीक्वेंसी का जो संबंध बाहर है, वही हमारी आंतरिक ऊर्जा में भी है. हमारी भावनाएं सीधे ब्रह्मांड की बड़ी ऊर्जा के साथ जुड़ी हुई हैं.

लेकिन सवाल उठता है कि अगर हमारा शरीर और दिमाग ब्रह्मांड का छोटा रूप है, तो हम अपनी फ्रीक्वेंसी को सही दिशा में कैसे ट्यून कर सकते हैं? यहीं पर हमारा दिमाग एक रेडियो ट्यूनर की भूमिका निभाता है.

3.क्या आपका दिमाग रेडियो ट्यूनर की तरह काम करता है?

कल्पना कीजिये कि आपका दिमाग एक बेहद संवेदनशील रेडियो ट्यूनर है. ब्रह्मांड चारों तरफ़ अनगिनत फ्रीक्वेंसी (कंपनों) से भरा हुआ है. आपका दिमाग हर पल इन फ्रीक्वेंसी को पकड़ता है, उन्हें फ़िल्टर करता है और अपनी जीवन-कहानी बना लेता है. जब आप किसी गाने को सुनने के लिए रेडियो का बटन घुमाते हैं, तो सही फ्रीक्वेंसी पर ट्यून होने पर ही स्पष्ट आवाज आती है. ठीक उसी तरह, जब हमारी आंतरिक फ्रीक्वेंसी (हमारे विचार, भावनाएं और विश्वास) ब्रह्मांड की सकारात्मक ऊर्जा से मेल खाती है, तभी हम जो चाहते हैं, वह हमारे जीवन में आसानी से प्रकट होता दिखता है.

विज्ञान भी इस बात को आंशिक रूप से समर्थन देता है. हमारे मस्तिष्क में Reticular Activating System (RAS) नामक एक फ़िल्टर है, जो Psychology Today के अनुसार हर सेकेंड लाखों सूचनाओं में से सिर्फ उन्हीं को महत्त्व देता है जो हमारे Subconcious beliefs (अवचेतन विश्वास) और फोकस से मेल खाती हैं. यानी अगर आप अंदर से ‘मैं अभाव में हूँ’ वाली फ्रीक्वेंसी चला रहे हैं, तो दिमाग भी वही चीजें ढूंढेगा और दिखायेगा.

लेकिन अगर आप अपनी फ्रीक्वेंसी को प्रेम, आभार और विश्वास पर ट्यून कर लें, तो ब्रह्मांड के अनंत अवसर अचानक आपके सामने खुलने लगते हैं. इस विषय पर Dr Joe Dispenza और Neuroscience के अध्ययन बताते हैं कि मस्तिष्क की Plasticity और हमारा फोकस किस प्रकार हमारी पूरी वास्तविकता को बदल सकते हैं.

तो असली सवाल यह है कि हम अपने इस आंतरिक रेडियो को सही फ्रीक्वेंसी पर कैसे ट्यून करें? और ब्रह्मांड हमारी इस फ्रीक्वेंसी को कैसे सुनता और जवाब देता है?

4.फ्रीक्वेंसी का खेल- ब्रह्मांड कैसे सुनता है?

ब्रह्मांड कोरे शब्दों को नहीं सुनता है, वह आपके भीतर पैदा होने वाली भावनाओं की फ्रीक्वेंसी सुनता है.

यह बात जितनी रहस्यमय लगती है, उतनी ही गहरी भी है. जब आप मुँह से ‘मैं खुश हूँ’ कहते हैं, लेकिन अंदर से डर, चिंता या अभाव की भावना चल रही होती है, तो ब्रह्मांड की जुबान की नहीं, बल्कि आपके अंदर की असली फ्रीक्वेंसी को पकड़ लेता है. यहाँ यह समझना ज़रूरी है कि मंत्रों जैसी पवित्र ध्वनियाँ केवल शब्द नहीं है; वे ऐसी विशेष तरंगें हैं जो हमारे भीतर उसी उच्च फ्रीक्वेंसी और ‘भाव’ को जगाने का काम करती हैं.

फ्रीक्वेंसी का मतलब है- आपकी प्रमुख या प्रभावी भावना (Dominant Feeling).

सकारात्मक फ्रीक्वेंसी: आभार, प्रेम, विश्वास, उत्साह, शांति

नकारात्मक फ्रीक्वेंसी: डर, क्रोध, ईर्ष्या, कमी का भाव, चिंता

जब आपकी आतंरिक फ्रीक्वेंसी ऊँची और साफ़ होती है, तो आप ब्रह्मांड की सकारात्मक ऊर्जा से ‘ट्यून’ हो जाते हैं. ठीक वैसे जैसे दो रेडियो एक ही फ्रीक्वेंसी पर ट्यून होने पर एक-दूसरे से जुड़ जाते हैं.

प्राचीन सनातन विज्ञान इसे ‘संकल्प शक्ति’ और ‘भाव शुद्धि’ कहता है, जिसका गहरा वर्णन वेदांत और योग दर्शन में मिलता है. वहीं आधुनिक समय में इसे Law of Vibration और Law of Attraction के नाम से जाना जाता है. इस चेतना के स्तर को Dr David R Hawkins ने अपनी प्रसिद्ध पुस्तक ‘Power vs Force’ में चेतना के नक्शे (Map of Conciousness) के ज़रिए वैज्ञानिक रूप से समझाया है कि कैसे अलग-अलग भावनाएं हमारी फ्रीक्वेंसी तय करती हैं.

लेकिन ध्यान रखें- ब्रह्मांड जादूगर नहीं है. वह आपके संकल्प को सुनकर अवसर, लोगों को और स्थितियां आपके पास लाता है. बाकि काम आपको स्वयं करना होता है. क्वांटम फिजिक्स में इसे जागरूकता का प्रभाव (Observer Effect) के रूप में देखा जाता है, जहाँ देखने वाले (Observer) का ध्यान ही कणों के व्यवहार को बदल देता है.

तो अब सवाल उठता है-

अगर फ्रीक्वेंसी इतनी महत्वपूर्ण है, तो हमारी बहुत-सी प्रार्थनाएं और इच्छाएं पूरी क्यों नहीं होती हैं? अगले भाग में हम इसी का खुलासा करने जा रहे हैं.

5.क्यों नहीं पूरी होती हैं हमारी प्रार्थनाएं और इच्छाएं?

हम अक्सर पूछते हैं- “भगवान, मैं इतनी प्रार्थना करता हूँ, इतना सकारात्मक सोचता हूँ, फिर भी मेरी मनोकामना क्यों पूरी नहीं होती है?

इसका कारण है- बेमेल फ्रीक्वेंसी (Frequency Mismatch).

जब आप जुबान से “मुझे सफलता चाहिए” कहते हैं, लेकिन अंदर से “मैं कभी सफल नहीं हो पाऊंगा”, “मेरी क़िस्मत ख़राब है” या “मेरे पास पर्याप्त संसाधन नहीं हैं” वाली भावना चल रही होती है, तो ब्रह्मांड आपकी अंदर वाली मजबूत फ्रीक्वेंसी को सुन लेता है.

जैसे रेडियो पर दो अलग-अलग स्टेशन नहीं आ सकते हैं, ठीक वैसे ही सकारात्मक मांग और नकारात्मक आंतरिक विश्वास एक साथ काम नहीं कर सकते हैं.

इसके कई कारण हैं:

(1) पुरानी यादें और आघात (Trauma) Subconcious में फँसी रहती हैं

(2) डर और असुरक्षा की भावना

(3) ‘मैं योग्य नहीं हूँ’ वाला गहरा अविश्वास

(4) सिर्फ मांगना, लेकिन आभार न करना

ब्रह्मांड हमेशा हमारे प्रबल भावना (Dominant Feeling) के अनुसार जवाब देता है, न कि सिर्फ शब्दों के अनुसार. यही कारण है कि कई बार हम बहुत मेहनत करते हैं, लेकिन परिणाम नहीं मिलते हैं. क्योंकि हमारी आंतरिक फ्रीक्वेंसी और बाहरी प्रयास एक-दूसरे से मेल नहीं खा रहे होते हैं. प्राचीन योग और वेदांत में अंतर्द्वंद की अवधारणा इसी मानसिक टकराव को दर्शाती है, जिसे Modern Psychology – Cognitive Dissonance (विचार और भावना में विरोध) के रूप में समझाती है कि कैसे दो विरोधी विचार हमारे भीतर तनाव और रुकावट पैदा करते हैं.

तो समाधान क्या है?

अपनी आंतरिक फ्रीक्वेंसी को बदलना. अगले भाग में हम इसी पर विस्तार से विचार करेंगे कि दिमाग की फ्रीक्वेंसी को कैसे बदला जाये.

6.वैज्ञानिक दृष्टि – Quantum Physics क्या कहती है?

क्वांटम फिजिक्स (Quantum Physics) आजकल आध्यात्मिक जगत में सबसे ज़्यादा चर्चित विषय है. लेकिन क्या यह सच में Law of Attraction को साबित करता है?

आइये इसे सरल भाषा में समझते हैं.

क्वांटम फिजिक्स बताती है कि सूक्ष्म स्तर (Subatomic Particles) पर चीजें बहुत अजीब व्यवहार करती हैं.

(1) Observer Effect: जब हम कोई कण देखते हैं, तो उसका व्यवहार बदल जाता है.

(2) Entanglement: दो कण एक-दूसरे से इतने जुड़े हो सकते हैं कि एक पर असर दूसरे पर तुरंत पड़ता है, चाहे दूरी कितनी भी हो.

(3) सब कुछ तरंग (Wave) और कण (Particle), दोनों रूप में मौजूद है.

कई आध्यात्मिक वक्ता इन बातों को लेकर कहते हैं कि ‘हमारा चेतन मन ब्रह्मांड को प्रभावित करता है.’ लेकिन वैज्ञानिक समुदाय यहाँ सावधानी बरतता है.

वास्तविकता यह है:

(1) Quantum Effects मुख्य रूप से सूक्ष्म (Subatomic) स्तर पर काम करते हैं. बड़े स्तर (macro level) पर, जैसे हमारी रोज़मर्रा की ज़िन्दगी में, ये प्रभाव बहुत कमजोर या नगण्य हो जाते हैं. प्रसिद्ध भौतिक विज्ञानी Sean Carrol के अनुसार, क्वांटम मैकेनिक्स के इन सूक्ष्म नियमों को सीधे हमारी स्थूल सामाजिक या मानसिक इच्छाओं पर लागू नहीं किया जा सकता है.

(2) Observer Effect का मतलब भौतिक उपकरणों द्वारा ‘मापना या देखना’ है, न कि केवल मन में ‘सोचना’ या ‘इच्छा करना’ है.

(3) अभी तक कोई ठोस प्रमाण नहीं है जो यह साबित करे कि हमारी Positive thoughts ब्रह्मांड को Order देकर या Request करके Physical घटनाएँ बदल देती हैं. Richard Feynman जैसे वैज्ञानिकों के विचार भी यही स्पष्ट करते हैं कि क्वांटम जगत की अनिश्चितता को इच्छाधारी सोच (Wishful Thinking) का आधार नहीं बनाया जा सकता है.

फिर भी, क्वांटम फिजिक्स एक बड़ी सीख ज़रूर देती है ब्रह्मांड हमारी सोच से कहीं ज़्यादा Interconnected यानी परस्पर संबद्ध और रहस्यमयी है जितना हम पहले समझते थे. इस अद्भुत दुनिया को प्रोफ़ेसर Brian Greene ने अपनी प्रसिद्ध पुस्तक ‘The Elegant Universe’ में बहुत खूबसूरती से समझाया है कि कैसे पूरा ब्रह्मांड अदृश्य धागों (Strings) और कंपनों से आपस में जुड़ा हुआ है.

सही दृष्टिकोण:

क्वांटम फिजिक्स और आध्यात्म का मेल है, लेकिन दोनों को अलग-अलग सम्मान देना चाहिए. विज्ञान तथ्य (Fact) देता है, आध्यात्म अर्थ और दिशा (Meaning and Direction) देता है. दोनों को जबरन जोड़ने के बजाय, दोनों से सीखना चाहिए. क्या पता कल कोई वह तथ्य भी सामने आ जाये, जो शायद अब तक हमारा आधुनिक दिमाग नहीं पकड़ पाया है.

तो अब सवाल यह है-

अगर Science पूरी तस्वीर नहीं देती है, तो हम अपनी फ्रीक्वेंसी को बेहतर बनाने के लिए क्या कर सकते हैं? अगले भाग में हम इसी पर – व्यावहारिक उपाय पर चर्चा करने जा रहे हैं.

7.दिमाग की फ्रीक्वेंसी कैसे बदलें? (व्यावहारिक उपाय)

अब बात सिर्फ समझने की नहीं, बल्कि करने की है. अपनी आंतरिक फ्रीक्वेंसी को बदलना कोई जादू नहीं, बल्कि नियमित अभ्यास है. नीचे कुछ सबसे प्रभावी और सरल उपाय दिए गए हैं:

(1) आभार का अभ्यास (Gratitude Practice)

रोज़ सुबह और रात में सोने से पहले 5-10 चीजें लिखें जिनके लिए आप आभारी हैं. शुरू में छोटी-छोटी बातें भी लिखें. ResearchGate पर प्रकाशित मनोवैज्ञानिक शोधों के अनुसार, आभार व्यक्त करने से मानसिक तनाव कम होता है और यह मस्तिष्क की फ्रीक्वेंसी को तेजी से ऊपर उठाता है.

(2) भावनात्मक दृष्यीकरण (Emotional Visualization)

इमोशनल विजुअलाइजेशन या भावनात्मक दृष्यीकरण का मतलब यह है कि कोई चीज़ सिर्फ देखने के बजाय उसे पहले से महसूस करें. रोज़ 7-10 मिनट यह अभ्यास करें. न्यूरोसाइंस के अनुसार, विजुअलाइजेशन हमारे मस्तिष्क के न्यूरल पाथवे (Neural Pathways) को मजबूत करता है, जिससे अवचेतन मन उस पर विश्वास करने लगता है.

(3) साक्षी भाव (Witnessing/Mindfulness)

जब नकारात्मक विचार आयें, तो उन्हें रोकने के बजाय सिर्फ देखें. कहें- “यह विचार है, मैं यह नहीं हूँ.” मायो क्लिनिक (Mayo Clinic) के अनुसार, माइंडफुलनेस अभ्यास फोकस को बेहतर करने और पुरानी नकारात्मक फ्रीक्वेंसी को कमजोर करने का सबसे आसान तरीक़ा है.

(4) मंत्र और सकारात्मक पुष्टि (Positive Affirmation)

सुबह उठते ही और रात में सोने से पहले किसी अच्छे और ज्ञानी गुरु से प्राप्त या धार्मिक पुस्तकों में वर्णित मंत्र का जाप करें. यदि ऐसा न कर पायें, तो केवल 3-5 सकारात्मक और शक्तिशाली वाक्य बोलें. उदाहरण:

(क) मैं ब्रह्मांड की सकारात्मक ऊर्जा से जुड़ा हूँ.

(ख) हर दिन मेरे लिए नई संभावनाएं खुल रही हैं.

(ग) मुझे भगवान पर पूरा भरोसा और जुड़ाव है.

(घ) मैं कठिन कार्य भी कर सकता हूँ.

(च) मुझे अपने कार्य में सफलता अवश्य मिलेगी.

(5) ध्यान और प्राणायाम

रोज़ 10-20 मिनट अनुलोम-विलोम या विपसना करें. Healthline की न्यूरोलॉजिकल रिपोर्ट बताती है कि ध्यान से मस्तिष्क की तरंगें Alpha और Theta की स्थिति या अवस्था (State) में जाती हैं, जहाँ तनाव कम होता है और फ्रीक्वेंसी बदलना आसान हो जाता है.

(6) वातावरण और साथी बदलना

जिन लोगों और चीज़ों के साथ आप समय बिताते हैं, वे आपकी फ्रीक्वेंसी को बहुत प्रभावित करते हैं. इसलिए, नकारात्मक सोच वाले लोगों और वे चीज़ें, जो बुरा प्रभाव डालती हैं, उनसे जितनी जल्दी हो सके दूर हो जायें.

(7) Action + Faith का संतुलन

सिर्फ सोचना काफ़ी नहीं है. छोटे-छोटे क़दम उठायें. ब्रह्मांड अवसर देता है, लेकिन चलना आपको पड़ता है.

(8) 21-दिन का नियम

कोई भी उपाय कम से कम 21 दिनों तक लगातार करें. न्यूरोसाइंस और हार्वर्ड यूनिवर्सिटी के शोध बताते हैं कि हमारे दिमाग को नए न्यूरल पाथवे (Neural Pathways) बनाने और किसी भी विचार को आदत में बदलने के लिए न्यूनतम 21 दिनों के निरंतर अभ्यास की आवश्यकता होती है.

सबसे महत्वपूर्ण बात

धैर्य रखें. फ्रीक्वेंसी एक दिन में, या रातोंरात नहीं बदलती है. जैसे बीज बोने के बाद पानी देते रहते हैं, वैसे ही रोज़ अपनी आंतरिक दुनिया को संवारते रहें.

8.सावधानियां और गलतफहमियां

ब्रह्मांड और फ्रीक्वेंसी का खेल बहुत खूबसूरत है, लेकिन इसको लेकर इंटरनेट पर कई गलतफहमियां भी फैली हुई हैं. इन्हें समझना बेहद ज़रूरी है वर्ना आपकी उम्मीद टूट सकती है:

(1) भ्रम: सिर्फ सोचने भर से सब कुछ मिल जायेगा

कई लोग समझते हैं कि बस सकारात्मक सोच लेने से ही सब कुछ अपने आप हो जायेगा. लेकिन सच्चाई यह है कि विचार, भावना और कर्म (Action) का संतुलन ही परिणाम लाता है. ब्रह्मांड आपके लिए नये रास्ते खोलता है, लेकिन उन रास्तों पर क़दम आपको ही बढ़ाना पड़ता है.

(2) भ्रम: एक भी नकारात्मक विचार आया तो सब बर्बाद हो जायेगा

इंसानी दिमाग में कभी-कभी नकारात्मक विचार आना स्वाभाविक है. लेकिन, समस्या विचार से नहीं, बल्कि उसमें डूब जाने से होती है. जब ऐसा हो, तो साक्षी भाव रखें – विचारों को आने दें और जाने दें.

(3) भ्रम: तुरंत और जादुई परिणाम मिलेंगें

अपनी बरसों पुरानी मानसिक आदतों और फ्रीक्वेंसी को बदलने में समय लगता है. किसी को इसका असर 7 दिनों में दिख सकता है, तो किसी को 7 महीने भी लग सकते हैं. इस यात्रा में धैर्य रखना ही सबसे बड़ी कुंजी है.

(4) भ्रम: Law if Attraction कोई जादुई छड़ी है

यह कोई जादू नहीं, बल्कि एक वैज्ञानिक और आंतरिक प्रक्रिया है. यह आपको अपने जीवन के प्रति ज़्यादा जागरूक, सकारात्मक और कर्मठ (Action-oriented) बनाती है.

(5) भ्रम: हमारी हर इच्छा हर हाल में पूरी होनी चाहिए

कभी-कभी ब्रह्मांड हमें वह नहीं देता है जो हम चाहते हैं, बल्कि वह देता है जिसकी हमें वास्तव में अरुरत होती है. कई बार हमें किसी बड़ी सफलता से पहले कोई ज़रूरी सबक सीखना होता है. विश्वास रखें कि जो भी हो रहा है, वह आपके सर्वोत्तम हित में है.

(6) भ्रम: दूसरों की फ्रीक्वेंसी को बदलने की कोशिश करना

आपका काम केवल अपनी आंतरिक ऊर्जा को सुधारना है, दूसरों को बदलना नहीं. जब आपकी ख़ुद की फ्रीक्वेंसी ऊँची और स्थिर होगी, तो आपकी ऊर्जा के आसपास के लोग अपने आप प्रभावित होने लगेंगे.

सच्ची सलाह

इस ज्ञान को अपने जीवन को बेहतर बनाने का हथियार बनायें, न कि कर्म से बचने का कोई बहाना. अगर मनमुताबिक परिणाम नहीं मिल रहे हैं, तो ख़ुद से एक ईमानदारी भरा सवाल पूछें- “क्या मैं सच में अपनी आंतरिक फ्रीक्वेंसी बदल रहा हूँ, या सिर्फ ख्याली पुलाव पका रहा हूँ?”

निष्कर्ष (Conclusion)

ब्रह्मांड और फ्रीक्वेंसी का खेल अनंत है. हमारा दिमाग वास्तव में एक रेडियो ट्यूनर की तरह काम करता है – हम अपनी आंतरिक फ्रीक्वेंसी जैसी सेट करते हैं, ब्रह्मांड से हमें वैसे ही अनुभव और अवसर प्राप्त होते हैं.

हजारों वर्ष पहले हमारे वेदों ने जो कहा था- “यत पिंडे तत ब्रह्मांडे” – आज का आधुनिक विज्ञान भी घूम-फिरकर उसी परम सत्य की ओर इशारा कर रहा है. लेकिन, यह सत्य सिर्फ जानने या पढ़ने के लिए नहीं है, बल्कि इसे अपने जीवन में उतारने के लिए है.

सच्ची शक्ति तब प्रकट होती है जब हम:

(1) अपनी आंतरिक दुनिया को संवारते हैं

(2) आभार और विश्वास के साथ जीते हैं

(3) लगातार सकारात्मक कर्म (Actions) करते रहते हैं

याद रखें, आप इस असीम ब्रह्मांड से अलग या कोई बाहरी तत्व नहीं हैं, आप इसी चेतना का एक जीवंत हिस्सा हैं. जब आप अपनी आंतरिक फ्रीक्वेंसी को प्रेम, शांति और अटूट विश्वास पर ट्यून कर लेते हैं, तो यह समूचा ब्रह्मांड अपने आप आपके साथ ट्यून हो जाता है.

अब शुरुआत करने का समय है. आज और इसी पल से अपनी फ्रीक्वेंसी बदलने का यह खूबसूरत सफ़र शुरू करें. ब्रह्मांड आपकी हर धड़कन और हर भावना को सुन रहा है. जय ब्रह्मांड | जय आत्मा |

FAQs (8 सबसे आम सवालों के जवाब)

1.क्या Law of Attraction सच में काम करता है?

हाँ, यह काम करता है. लेकिन ध्यान रखें कि केवल ख्याली पुलाव पकाने या सोचने भर से कुछ नहीं होगा. जब आपकी उच्च क्रिक्वेंसी के साथ निरंतर और सही दिशा में कर्म (Action) जुड़ता है, तब यह बेहद प्रभावी साबित होता है.

2.फ्रीक्वेंसी बदलने में कितना समय लगता है?

इसका कोई एक तय नियम नहीं है. आमतौर पर 21 से 90 दिनों तक लगातार मानसिक और आध्यात्मिक अभ्यास करने से आपके जीवन में बदलाव साफ़ नज़र आने लगते हैं.

3.नकारात्मक विचार आने पर क्या करें?

नकारात्मक विचारों को जबरन दबाने की कोशिश बिल्कुल न करें. उन्हें साक्षी भाव (Mindfulness) से केवल एक दर्शक की तरह देखें, आने दें और जाने दें. धीरे-धीरे अपना ध्यान सकारात्मक दिशा में मोड़ें.

4.क्या सिर्फ मंत्र जपने से काम हो जायेगा?

मंत्र जाप आपके भीतर एक उच्च ऊर्जा और सही फ्रीक्वेंसी पैदा करने का एक बेहतरीन आध्यात्मिक और वैज्ञानिक माध्यम है. लेकिन केवल मंत्र जप काफ़ी नहीं है; जब तक आप भौतिक रूप से कर्म (Action) नहीं करेंगे, तब तक चक्र पूरा नहीं होगा.

5.क्या Quantum Physics वास्तव में Law of Attraction को साबित करती है?

नहीं, विज्ञान इसे सीधे तौर पर साबित नहीं करता है. लेकिन क्वांटम फिजिक्स यह ज़रूर प्रमाणित करती है कि यह समूचा ब्रह्मांड आपस में गहराई से जुड़ा हुआ (Interconnected) है और सूक्ष्म स्तर पर हमारी जागरूकता का प्रभाव पड़ता है.

6.क्या रोज़ ध्यान (Meditation) करना ज़रूरी है?

यह कोई अनिवार्य नियम नहीं है, लेकिन ध्यान आपके मस्तिष्क को शांत करने और उसे सही फ्रीक्वेंसी पर रखने (सेट करने) में बहुत मदद करता है. अपने दिन भर के समय में से कम से कम 10 मिनट इसके लिए ज़रूर निकालें.

7.अगर कोई बीमारी या बहुत मुश्किल स्थिति हो तो क्या करें?

केवल मानसिक फ्रीक्वेंसी के भरोसे न बैठें. गंभीर परिस्थितियों या बीमारी में सही चिकित्सा (Medical Treatment) लेना सबसे पहला और ज़रूरी क़दम है. आंतरिक ऊर्जा पर काम करने के साथ-साथ चिकित्सक की सलाह और इलाज, दोनों बेहतर तरीक़े से चलने चाहिए.

8.इस सफ़र की शुरुआत कैसे करें?

शुरुआत करना बहुत आसान है. आज रात को सोने से पहले डायरी में ऐसी 5 चीज़ों के नाम लिखें जिनके लिए आप दिल से आभारी (Gratitude) हैं. बस, समझ लीजिये कि आपके फ्रीक्वेंसी बदलने के सफ़र की शुरुआत यहीं से हो गई.

    Support us for the Truth

    Information platforms that spread lies never lack funding. They have a well-organised international network that keeps their business running. We need your support to fight them. Please contribute whatever you can afford.

    Pay

    Show More

    रामाशंकर पांडेय

    दुनिया में बहुत कुछ ऐसा है, जो दिखता तो कुछ और है पर हक़ीक़त में वह होता कुछ और ही है. इसीलिए कहा गया है कि चमकने वाली हर चीज़ सोना नहीं होती है. इसी बात को ध्यान में रखते हुए, एक माध्यम का यह दायित्व है कि पूर्वाग्रहरहित एवं निष्पक्ष रहते हुए लोगों तक स्पष्ट और सही जानकारी पहुंचाए. khulizuban.com का प्रयास इसी दिशा में एक क़दम है. यह खुले विचारों वाला मंच है, जहाँ समाज, संस्कृति, राजनीति, इतिहास, धर्म, ज्ञान-विज्ञान, आदि से जुड़ी सभी प्रकार की विशिष्ट एवं सटीक जानकारी उपलब्ध है. इन पर भरोसा किया जा सकता है.

    Related Articles

    Leave a Reply

    Back to top button

    Discover more from KHULIZUBAN

    Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

    Continue reading

    Enable Notifications OK No thanks