ट्रिनिटी का सिद्धांत: खुद का बाप और बेटा होने कलीसियाई झोल
ईश्वर एक है या तीन? क्या सर्वशक्तिमान खुद का बाप और बेटा हो सकता है? जानिए ट्रिनिटी के गणितीय विरोधाभास, बाइबल में सन्नाटे, कलीसियाई पाठ्य-मिलावट और निकिया काउंसिल की उस राजनीति का सच जिसने यीशु को परमेश्वर बना दिया.

ईसाइयत में त्रिएकत्व या ट्रिनिटी (Trinity) जितना मायने रखता है उतना यह विवादास्पद भी है. इसमें कलीसिया (चर्च) का दावा है कि पिता, पुत्र और पवित्र आत्मा (The Father, the Son and the Holy Spirit)- तीनों अलग-अलग पूर्ण ईश्वर हैं, मगर कुल मिलाकर तीन नहीं, बल्कि केवल एक ही ईश्वर है. साधारण गणित और मानवीय विवेक के धरातल पर यह समीकरण (1+1+1 = 1) एक ऐसा अंतर्विरोध खड़ा करता है, जहाँ ईश्वर को खुद का बाप और बेटा बना दिया गया है. सदियों से इस कलीसियाई झोल पर उठने वाले सवालों का तार्किक उत्तर देने के बजाय ‘अगम्य रहस्य’ का नाम देकर दबाया जाता रहा है.

लेकिन, क्या यह विचार वाकई ईश्वरीय है, या चौथी सदी के रोमन साम्राज्य की राजीनीति और कलीसियाई हेराफेरी की पैदाइश? इस आलेख में हम बाइबल की मूल पांडुलिपियों में की गई मिलावटों, सूली पर यीशु के अंतिम संवाद, निकिया की ऐतिहासिक काउंसिल (325 ईस्वी) के राजनीतिक दबाव और आधुनिक बौद्धिक युग में ध्वस्त होते इस सिद्धांत की पूरी पड़ताल करेंगे.
किसी वैचारिक विसंगति को ‘रहस्य’ का नाम देकर दबा देना धर्मशास्त्रियों के लिए सुविधाजनक हो सकता है, लेकिन इतिहास और बौद्धिक विमर्श ऐसे दावों को बिना प्रमाण स्वीकार नहीं करते हैं. सवाल केवल यह नहीं है कि यह समीकरण तार्किक रूप से असंभव क्यों दिखता है; बल्कि सबसे बड़ा और मौलिक प्रश्न यह है: क्या यह विचार वास्तव में ईश्वरीय है या फिर इसे ऐतिहासिक रूप से गढ़ा गया है? इस पड़ताल के लिए हमें कलीसियाई व्याख्याओं की चाहरदीवारी से बाहर निकलकर सीधे उन मूल ग्रंथों और प्राचीन पांडुलिपियों की ओर रुख करना होगा, जिनका दावा खुद ईसाइयत (ईसाई रिलीजन) करती है.
1.बाइबल में ट्रिनिटी पर सन्नाटा: क्या खुद यीशु ने यह गणित सिखाया था?
जब हम ईसाई धर्मग्रंथ बाइबल- विशेष रूप से नए नियम (New Testament) का निष्पक्ष और पाठ्य-आधारित अध्ययन करते हैं, तो सबसे सबसे चौंकाने वाला तथ्य यह आता है कि पूरी बाइबल में ट्रिनिटी (त्रिएक या त्रिएकत्व) शब्द का एक बार भी उल्लेख नहीं मिलता है. यदि बाइबल के ही विवरणों को आधार माना जाए, तो यीशु या ईसा मसीह ने अपने पूरे सार्वजानिक जीवन और उपदेशों के दौरान कभी यह दावा नहीं किया कि वे परमेश्वर के बराबर या किसी त्रि-आयामी परमेश्वर का दूसरा हिस्सा हैं.
बाइबल के सुसमाचारों (Gospels) में दर्ज उनके अपने वचन इसके ठीक उलट गवाही देते हैं. जब एक शिष्य या शास्त्री ने उनसे सबसे बड़ी आज्ञा के बारे में पूछा, तो यीशु का उत्तर पारंपरिक एकेश्वरवाद (Monotheism) की स्पष्ट पुष्टि था:
सुन ए इस्राएल, प्रभु हमारा परमेश्वर एक ही प्रभु है. (मरकुस 12:29)
इसी प्रकार युहन्ना (John) के सुसमाचार में खुद को हमेशा परमेश्वर का भेजा हुआ और पिता के अधीन माना. वे स्पष्ट शब्दों में कहते हैं:
पिता मुझसे बड़ा है. (युहन्ना 14:28)
यदि कलीसिया (चर्च) के दावे के अनुसार यीशु सार, सत्ता और सामर्थ्य में पूरी तरह पिता के बराबर थे, तो खुद उनका यह कहना कि ‘पिता मुझसे बड़ा है’, एक खुला भाषाई और सैद्धांतिक अंतर्विरोध बन जाता है. नए नियम का संपूर्ण मूल पाठ यीशु को परमेश्वर के प्रति समर्पित एक दूत या शिक्षक के रूप में प्रस्तुत करता है, न कि स्वयं सर्वशक्तिमान- परमेश्वर के समतुल्य किसी सत्ता के रूप में.
जोहानिन कॉमा (1 John 5:7) और कलीसियाई प्रतिलिपिकारों की मिलावट का सच
क्योंकि पूरी बाइबल में ट्रिनिटी का कोई स्पष्ट आधार नहीं था, इसलिए बाद की शताब्दियों में चर्च के सामने एक गंभीर धर्मशास्त्रीय संकट खड़ा हो गया. इस कमी को पूरा करने के लिए बाइबल की पांडुलिपियों की नकल तैयार करने वाले कलीसियाई प्रतिलिपिकारों (scribes) ने मूल पाठ में हेरफेर किए.

इसका सबसे बड़ा और अकादमिक रूप से अकाट्य उदाहरण है- जोहानिन अल्पविराम या जोहानिन कॉमा (Johannine Comma, Latin: Comma Johanneum) जो 1 युहन्ना 5:7-8 में मिलता है. बाइबल के किंग जेम्स संस्करण (KJV) में इसे इस प्रकार पढ़ा जाता है:
स्वर्ग में गवाही देने वाले तीन हैं: पिता, वचन और पवित्र आत्मा, और ये तीनों एक हैं.
यह आयत पूरी बाइबल में एकमात्र ऐसा संदर्भ थी जो ट्रिनिटी के सिद्धांत को सीधे और स्पष्ट शब्दों में स्थापित करती हुई प्रतीत होती थी. लेकिन, आधुनिक पाठ्य-आलोचना (Textual Criticism) और बाइबल के शीर्ष विद्वानों, जैसे ब्रूस मेट्जगर (Bruce Metzger) और प्रो. बार्ट एहर्मन (Bert D. Ehrman) के अनुसंधानों ने इस कलीसियाई हेराफेरी का पूरा पर्दाफाश कर दिया:
- 1.प्राचीन ग्रीक पांडुलिपियों में नदारद: चौथी और पाँचवी शताब्दी की सबसे प्राचीन और प्रामाणिक ग्रीक पांडुलिपियों, जैसे कोडेक्स सिनाइटिकस (Codex Sinaiticus) और कोडेक्स वैटिकनस (Codex Vaticanus) में इन शब्दों का नामोनिशान तक नहीं है.
- 2.लैटिन वल्गेट का मार्जिनल नोट: यह वाक्य मूल रूप से किसी लैटिन प्रतिलिपिकर द्वारा पाण्डुलिपि के हाशिए (margin) पर लिखी गई अपनी निजी धार्मिक टिप्पणी थी, जिसे बाद के सदियों के नक्कालों (जालसाजों) ने मुख्य पाठ (Main Text) का हिस्सा बना दिया.
- 3.आधुनिक बाइबल से हटाया जाना: आज के अधिकतर संशोधित (Revised Standard Version – RSV, New International Version – NIV) बाइबल की किताबों से इसे या तो पूरी तरह हटा दिया गया है या फुटनोट में यह स्वीकार करते हुए दर्ज किया गया है कि यह बाद की मिलावट (Interpolation) है.
यह दस्तावेजी साक्ष्य साबित करता है कि ट्रिनिटी का सिद्धांत मूल धर्मग्रंथ या उसके पाठ का हिस्सा नहीं था, बल्कि इसे सही ठहराने के लिए बाद में उनमें फेरबदल किया गया.
2.तार्किक विसंगति: पिता, पुत्र और पवित्र आत्मा के एक होने का दार्शनिक संकट
ट्रिनिटी के सिद्धांत को यदि केवल कुछ पलों के लिए धर्मग्रंथों से हटाकर विशुद्ध तर्क और मानवीय समझ की कसौटी पर परखा जाए, तो यह मान्यताओं का ऐसा भूलभुलैया बन जाता है जहाँ हर दावा अपने ही पिछले दावे को काटता है. कलीसिया (चर्च) का कहना है कि पिता, पुत्र और पवित्र आत्मा (The Father, the Son and the Holy Spirit) तीनों अनादि, सर्वशक्तिमान और एक ही सार (Homoousios) के हैं. किन्तु, जब हम सुसमाचारों में वर्णित ईसा मसीह के वास्तविक जीवन, उनके संघर्षों और उनकी प्रार्थनाओं को देखते हैं, तो यह दार्शनिक ढाँचा पूरी तरह बिखर जाता है.
(1) सूली पर अंतिम चीख: क्या परमेश्वर खुद को पुकार रहा था?
इस तार्किक संकट की सबसे बड़ी मिसाल सूली का वह दृश्य है, जहाँ अत्यंत पीड़ा में यीशु पुकार उठते हैं:
हे मेरे परमेश्वर, हे मेरे परमेश्वर, तूने मुझे क्यों छोड़ दिया? (मरकुस 15:34, मत्ती 27:46)
यह केवल एक भावनात्मक पुकार नहीं है, बल्कि कलीसियाई सिद्धांत पर सीधा सवाल है. यदि यीशु स्वयं सर्वशक्तिमान- परमेश्वर थे और पिता के साथ तात्विक रूप से अभिन्न थे, तो वे वास्तव में किससे संवाद कर रहे थे?
- क्या एक ही परमेश्वर स्वयं को बचाने के लिए अपनी ही एक अवस्था से गुहार लगा रहा था? या फिर सीधे शब्दों में कहें तो, क्या परमेश्वर खुद को बचाने के लिए खुद से ही गुहार लगा रहा था?
- क्या परमेश्वर स्वयं को ही त्याग सकता है?
क्रूस पर चढ़ाए जाने से ठीक पहले गेथसमनी के बाग में व्याकुल यीशु की प्रार्थना भी दो अलग सत्ताओं और दो विरोधी इच्छाओं (Two Wills) को उजागर करती हैं:
हे मेरे पिता, यदि हो सके तो यह कटोरा मुझसे टल जाए, तो भी जैसा मैं चाहता हूँ वैसा नहीं, बल्कि जैसा तू चाहता है वैसा ही हो. (मत्ती 26:39)
यहाँ ‘मेरी इच्छा’ और ‘तेरी इच्छा’ का स्पष्ट भेद यह सिद्ध करता है कि प्रार्थना करने वाला सत्ता में छोटा और प्रार्थना सुनने वाले के अधीन है. जब एक पक्ष दूसरे के सामने अपनी इच्छा का समर्पण कर रहा हो, तो दोनों को एक ही सर्वव्यापी और सर्वज्ञ सत्ता मानना शब्दों की बाजीगरी से ज्यादा कुछ नहीं है. सूली की इस घटना और मृत्यु के बाद फिर से जी उठने का प्रसंग- ईसा मसीह का पुनरुत्थान भी अपने आप में कम अजीब नहीं है, जहाँ चारों सुसमाचार आपस में ही टकराकर ‘परमेश्वर के चमत्कार’ का दावा ताश के पत्तों की तरह बिखेर देते हैं. इससे संदेह बढ़ जाता है और लोग यह भी पूछ बैठते हैं कि यीशु क्या वाकई धरती पर आए थे या फिर वे महज एक पौराणिक चरित्र (Mythological Character) हैं, जिन्हें बाद में कलीसियाई लेखकों ने ऐतिहासिक रूप दे दिया?
(2) पहचान का संकट: ईश्वर पुत्र बनाम दाउद का मानवीय वंशज
तार्किक विसंगति केवल प्रार्थनाओं और पुनरुत्थान के दावे तक सीमित नहीं है, बल्कि यह यीशु की पहचान और उनकी वंशावली की बुनियाद पर भी प्रहार करती है. कलीसिया एक तरफ यीशु को अनादि- परमेश्वर और ‘परमेश्वर का पुत्र’ घोषित करती है, वहीं दूसरी तरफ पुराने नियम की भविष्यवाणियों को पूरा करने के लिए उन्हें दाउद का वंशज सिद्ध करने पर आमादा दिखाई देती है.
मत्ती और लूका के सुसमाचारों में दी गई वंशावलियों का निष्पक्ष अध्ययन करने कलीसियाई दावों की विसंगति खुलकर सामने आ जाती है:
- पिता की समस्या: यदि यीशु का कोई जैविक पिता नहीं था और वे पवित्र आत्मा से जन्मे थे, तो फिर यूसुफ (Joseph) की वंशावली के जरिए उन्हें दाउद के कुल का वारिस बताने का क्या तुक है?
- पारस्परिक अंतर्विरोध: मत्ती और लूका द्वारा दी गई वंशावलियों में पीढियों, नामों और पूर्वजों को लेकर मतभेद इतना गहरा है कि स्वयं ईसाई विद्वान भी सदियों से इसका कोई सर्वमान्य हल नहीं निकाल पाए हैं. इस पर बहस में जहाँ एक ओर परंपरागत ईसाई संगठन और धार्मिक टीकाकार मरियम के पक्ष वाली वंशावली या नियोग विवाह (Levirate Marriage) जैसे पेचीदा और आस्था आधारित तर्क पेश करते हैं, वहीं आधुनिक पंथनिरपेक्ष इतिहासकार और बाइबल आलोचक स्पष्ट कहते हैं कि ये वंशावलियाँ शुद्ध पारिवारिक रिकॉर्ड नहीं हैं.
यही नहीं, बात केवल वंशावली के अंतर तक नहीं रूकती है; स्वयं यीशु के दादा की पहचान को लेकर भी दोनों सुसमाचार आमने-सामने खड़े हैं- मत्ती के अनुसार यूसुफ के पिता याकूब थे, जबकि लूका उन्हें एली का बेटा बताता है. यानी ईसा मसीह के दादा का नाम याकूब था या एली, इसका स्पष्ट और तार्किक जवाब नहीं मिलता है.
इससे यह स्पष्ट हो जाता है कि जिस सत्ता की सांसारिक वंशावली ही परस्पर विरोधी दावों में उलझी हो, उसे अनादि और सर्वशक्तिमान- परमपिता परमेश्वर का प्रत्यक्ष रूप ठहराना तर्क और इतिहास दोनों के साथ खिलवाड़ है.
3.निकिया की काउंसिल (325 ईस्वी): जब सम्राट कॉन्स्टेंटाइन की राजनीति ने यीशु को ‘परमेश्वर’ बनाया
यदि ट्रिनिटी का सिद्धांत न तो बाइबल के मूल पाठ में मौजूद था और न ही खुद यीशु ने इसे कभी सिखाया, तो फिर यह पूरी ईसाई दुनिया का अनिवार्य विश्वास (Dogma) कैसे बन गया? इस सवाल का जवाब किसी आध्यात्मिक अनुभव या ईश्वरीय संदेश में नहीं, बल्कि चौथी शताब्दी के रोमन साम्राज्य के राजनीतिक दाँव-पेचों में दर्ज है.
ईसा के बाद की शुरुआती तीन शताब्दियों तक प्रारंभिक ईसाई समुदाय किसी एक केंद्रीय सत्ता या सर्वमान्य सिद्धांत से नहीं बँधे थे. अलग-अलग क्षेत्रों में मसीह के स्वरूप को लेकर भिन्न-भिन्न मान्यताएँ थीं. अधिकतर आरंभिक ईसाई यीशु को परमेश्वर का एक विशेष दूत, नबी या परमेश्वर का आज्ञाकारी सेवक मानते थे. किन्तु, चौथी सदी की शुरुआत में इस विषय ने एक ऐसे भीषण वैचारिक और सामाजिक टकराव का रूप ले लिया, जिसने रोमन साम्राज्य की आतंरिक स्थिरता को हिलाकर रख दिया.
(1) एथेनेसियस बनाम एरियस: क्या पुत्र कभी ‘अस्तित्वहीन’ था?
इस विवाद के केंद्र में मिस्र का अलेक्जेंड्रिया शहर था, जहाँ दो प्रमुख कलीसियाई विचार आमने-सामने आ गए:
- एरियस (Arius) का तर्क: अलेक्जेंड्रिया के एक प्रभावशाली पादरी एरियस का कहना था कि परमेश्वर (पिता) अकेला अनादि और अजन्मा है. यीशु परमेश्वर की पहली और सर्वोच्च रचना हैं, लेकिन वे परमेश्वर के बराबर नहीं हो सकते हैं. एरियस का प्रसिद्ध और तार्किक सूत्र था: ‘एक समय ऐसा था जब पुत्र अस्तित्व में नहीं था’ (There was a time when the Son was not). यह विशुद्ध एकेश्वरवाद के पक्ष में खड़ा एक सीधा और समझ में आने वाला दृष्टिकोण था.
- एथेनेसियस (Athanasius) का रुख: इसके विपरीत, एथेनेसियस का दावा था कि यीशु पिता के साथ हमेशा से सह-अनादि (Co-eternal) और पूरी तरह समान सत्ता हैं. उनका तर्क था कि यदि यीशु स्वयं पूर्ण ईश्वर- पमेश्वर नहीं हैं, तो उनके द्वारा मानव जाति का उद्धार संभव ही नहीं हो सकता है.
यह बहस केवल कमरों तक सीमित नहीं रही, बल्कि चर्चों, बाजारों और सड़कों पर हिंसक टकराव का कारण बनने लगी.
(2) सम्राट कॉन्स्टेंटाइन का प्रवेश: धर्मशास्त्र नहीं, साम्राज्य की एकता
इस समय रोमन साम्राज्य की बागडोर सम्राट कॉन्स्टेंटाइन (Constantine the Great) के हाथों में थी. कॉन्स्टेंटाइन कोई धर्मशास्त्री नहीं थे; वे मुख्य रूप से एक राजनीतिक शासक थे, जिनका प्राथमिक लक्ष्य गृहयुद्धों से जर्जर रोमन साम्राज्य को एक सूत्र में बाँधना था. उन्होंने ईसाई धर्म को साम्राज्य की एकता के एक नए औजार के रूप में देखा था, लेकिन कलीसिया (चर्च और उसके विद्वानों) के इस आतंरिक गृहयुद्ध ने उनकी इस योजना पर पानी फेरने का खतरा पैदा कर दिया.
साम्राज्य के विखंडन को रोकने के लिए कॉन्स्टेंटाइन ने 325 ईस्वी में वर्तमान तुर्की के निकिया (Nicaea) शहर में पूरे ईसाई जगत के बिशपों की पहली वैश्विक सभा बुलाई, जिसे प्रथम निकिया काउंसिल’ (First Council of Nicaea) कहा जाता है.
इस ऐतिहासिक सभा की कुछ महत्वपूर्ण सच्चाइयाँ कलीसियाई इतिहास की पोल खोलती हैं:
- शाही दबाव में मतदान: काउंसिल की अध्यक्षता स्वयं एक गैर-ईसाई सम्राट कॉन्स्टेंटाइन ने की (जिसने अपने जीवन अंतिम दिनों तक ईसाई बप्तिस्मा भी नहीं लिया था). लगभग 300 से अधिक बिशपों को एकमत करने के लिए राजनीतिक दबाव, निर्वासन की धमकियाँ और शाही विशेषाधिकारों का इस्तेमाल किया गया.
- ‘होमोऊसियोस’ का थोपा जाना: सम्राट के प्रभाव में ग्रीक दार्शनिक शब्द होमोऊसियोस (Homoousios- एक ही सार या तत्व का) को स्वीकार करने का दबाव बनाया गया. यह शब्द बाइबल में नहीं था, बल्कि यह यूनानी गैर-ईसाई दर्शन (Pagan Greek Philosophy) से लिया गया था.
- एरियस का निष्कासन: अंततः, बहुमत से शाही आदेश के दबाव में एथेनेसियस के पक्ष पर मुहर लगाई गई. एरियस के विचारों को विधर्मी (Heresy) घोषित कर उनकी किताबों को जलाने, और निर्वासित कर देने का आदेश जारी हुआ.
(3) अधूरी ट्रिनिटी और 381 ईस्वी का विस्तार
यहाँ सबसे दिलचस्प तथ्य यह है कि 325 ईस्वी की निकिया काउंसिल ने भी उस पूरी ‘ट्रिनिटी’ को जन्म नहीं दिया था जिसे आज हम जानते हैं. निकिया के मूल पंथपत्र (Nicene Creed) में केवल पिता और पुत्र के संबंध को एक समान घोषित किया गया था; ‘पवित्र आत्मा’ को लेकर कोई विस्तृत व्याख्या नहीं की गई थी.
पवित्र आत्मा को पिता और पुत्र के पूरी तरह बराबर तीसरे ईश्वरीय व्यक्ति के रूप में स्थापित करने के लिए कलीसिया को एक और राजनीतिक परिषद- 381 ईस्वी की कॉन्स्टेंटिनोपल की काउंसिल (Council of Constantinople) का सहारा लेना पड़ा.
इस तरह जिस ट्रिनिटी को आज ईसाई रिलिजन का मूल और शास्वत ईश्वरीय सिद्धांत बनाकर पेश किया जाता है, वह असल में ईसा के जाने के लगभग तीन से चार शताब्दियों बाद, रोमन सम्राटों के राजनीतिक हस्तक्षेप और कलीसियाई बिशपों के आपसी जोड़-तोड़ का नतीजा है.
4.ईसाइयत की संस्थागत असुरक्षा: विरोधाभासों को रहस्य का आवरण देने की मजबूरी
जब किसी दार्शनिक या धार्मिक सिद्धांत की नींव मूल ऐतिहासिक ग्रंथों और तार्किक कसौटियों पर कमजोर पड़ने लगती है, तो संस्थागत व्यवस्था के सामने दो ही रास्ते बचते हैं- या तो वह अपनी ऐतिहासिक भूलों को स्वीकार करे, या फिर सवालों पर पूर्ण प्रतिबंध लगा दे. कलीसिया ने दूसरा रास्ता चुना. ट्रिनिटी के जटिल और अंतर्विरोधी गणित- 1+1+1 = 1 को जब भी बुद्धि, तर्क या प्राकृतिक नियमों के तराजू पर तौला गया, तो चर्च ने हर असहज प्रश्न के आगे ‘पवित्र रहस्य’ (Holy Mystery) की दीवार खड़ी कर दी.
यह ‘रहस्य’ का आवरण दरअसल, कलीसिया की गहरी संस्थागत असुरक्षा का प्रतीक था. इतिहास गवाह है कि मध्यकाल में जिसने भी इस कलीसियाई झोल (अतार्किक गणित) को समझने या समझाने के लिए तार्किक सवाल उठाए, उसे सीधे धर्मविरोधी (Heretic) घोषित कर दिया गया. माइकल सर्वेट्स जैसे विचारकों को सिर्फ इसलिए जिंदा जला दिया गया क्योंकि उन्होंने ट्रिनिटी के सिद्धांत को बाइबल-सम्मत मानने से इनकार कर दिया था. आस्था के नाम पर बौद्धिक जिज्ञासा का दमन करना चर्च की ऐसी नीति बन गई, जिसने सदियों तक आम विश्वासियों को इस अंतर्विरोध पर गहराई से सोचने से रोके रखा.
पश्चिम में गिरता ग्राफ और विस्तार की नई जमीनें
इक्कीसवीं सदी के सूचना और बौद्धिक क्रांति के युग में अब कुछ भी छिपा हुआ नहीं है, और न ही विचारों पर कोई प्रतिबंध या दबाव काम कर रहा है. ऐसे में, लोग अब मानने से पहले जानने और उसे तर्क की कसौटी पर कसने की सोच के साथ जब अपने धर्मशास्त्रों में मिलावट- पुनरुत्थान और ट्रिनिटी जैसे मूल सिद्धांतों में अंतर्विरोध और बेसिरपैर के दावों को देखते हैं, तो संस्थागत विचारों से उनका मोहभंग होने लगता है. इसका सीधा असर चर्च की सांख्यिकी पर पड़ रहा है.
एडिनबर्ग यूनिवर्सिटी के ‘सेंटर फॉर द स्टडी ऑफ ग्लोबल क्रिश्चियनिटी’ और प्यू रिसर्च सेंटर (Pew Research Center) के 100 वर्षों के व्यापक जनसांख्यकीय आँकड़े यह स्पष्ट दिखाते हैं कि यूरोप और उत्तरी अमेरिका में पारंपरिक ईसाई आबादी और चर्च जाने वालों की संख्या में ऐतिहासिक गिरावट दर्ज की गई है. पंथनिरपेक्षता और वैज्ञानिक सोच के उभार ने पश्चिम में संस्थागत कलीसियाई पकड़ को ढीला कर दिया है.
इसकी भरपाई, या फिर यूँ कहिए कि संख्याबल जुटाने को लेकर मिशनरी तंत्र को एशियाई और अफ्रीकी देशों में लगाया गया है जहाँ गरीबी और अशिक्षा अधिक है. यहाँ प्रचार के नाम पर लालच और छल से हो रहा धर्मांतरण- ईसाइयत का विस्तार अस्तित्व बचाने की कवायद है.
निष्कर्ष: कलीसियाई झोल का पर्दाफाश- आधुनिक बौद्धिक युग में ढहता सैद्धांतिक ढाँचा
हम देख चुके हैं कि ट्रिनिटी का पूरा विमर्श किसी ईश्वरीय सत्योद्घाटन का परिणाम नहीं, बल्कि ऐतिहासिक राजनीति के खेल, कलीसियाई हठ और दार्शनिक समझौते की एक जटिल दास्तान है. जब हम इतिहास और पाठ्य-साक्ष्यों की इन कड़ियों को जोड़ते हैं, तो तस्वीर पूरी तरह साफ हो जाती है:
- पूरी बाइबल में इस सिद्धांत का कोई स्पष्ट नाम या आधार मौजूद नहीं है.
- इसे सिद्ध करने के लिए प्राचीन ग्रंथों में ‘जोहानिन कॉमा’ जैसी पाठ्य-मिलावटों का सहारा लेना पड़ा.
- स्वयं यीशु के वचन और उनके संघर्ष परमेश्वर के साथ उनके तात्विक एकत्व के दावे को पूरी तरह नकारते हैं.
- और अंततः, 325 ईस्वी की निकिया काउंसिल में एक गैर-ईसाई सम्राट के राजनीतिक हितों ने इसे सत्ता के बल पर संस्थागत रूप दिया.
एक ही सत्ता को एक ही समय में ‘खुद का बाप और बेटा’ सिद्ध करने की यह कलीसियाई कसरत न तो तर्क की कसौटी पर खरी उतरती है और न ही ऐतिहासिक प्रामाणिकता पर. आज जब प्राचीन पांडुलिपियाँ, ऐतिहासिक दस्तावेज और निष्पक्ष शोध एक क्लिक पर उपलब्ध हैं, तो दैवीय रहस्य का आवरण ओढ़कर सवालों से बचना अब संभव नहीं रहा. बौद्धिक युग की दहलीज पर खड़ा आधुनिक समाज आस्था को केवल इसलिए स्वीकार नहीं कर सकता है क्योंकि उसे सदियों से परंपरा के नाम पर ढोया जा रहा है; वह प्रमाण मांगता है- और प्रमाणों के न्यायालय में ट्रिनिटी का यह पूरा सैद्धांतिक ढाँचा रेत की दीवार की तरह ढहता नजर आता है.
Support us for the Truth
Information platforms that spread lies never lack funding. They have a well-organised international network that keeps their business running. We need your support to fight them. Please contribute whatever you can afford.
Pay




