ईसा मसीह की वंशावली पर मतभेद क्यों? कौन क्या कहता है जानिए
क्या बाइबल में दर्ज ईसा मसीह के पूर्वजों का इतिहास सिर्फ एक काल्पनिक बुनावट है? जानिए मत्ती और लूका की वंशावलियों के उस हैरान करने वाले अंतर्विरोध का सच जिसने सदियों से धर्मशास्त्रियों को डैमेज कंट्रोल करने और आधुनिक इतिहासकारों को व्यवस्था के छिपे खेल को बेनकाब करने पर मजबूर कर दिया. आस्था के दावों से परे, एक ऐसी निष्पक्ष पड़ताल जो आपके सोचने का नजरिया बदल देगी.

ईसा मसीह की वंशावली को लेकर तरह-तरह की बातें क्यों पढ़ने-सुनने को मिलती हैं? क्या ये लोगों के अपने विचार या कल्पनाएँ हैं, या फिर ईसाई ग्रंथों में ही अजीबोगरीब बातें लिखी हुई हैं? मगर, ईसाई विद्वानों की ओर से इस बाबत जो दलीलें दी गई हैं वह भी कम हैरान करने वाली नहीं हैं. आखिर वे क्या छुपाना चाहते हैं? आइए, पवित्र बाइबल और उसके सुसमाचारों में देखते हैं कि वहाँ क्या कहा गया है, और ऐतिहासिक तथ्यों के आधार पर सच की पड़ताल कर सही निष्कर्ष तक पहुँचते हैं.

वंशावली किसी की भी हो, बहुत मायने रखती है. खासतौर से, ऐतिहासिक पृष्ठभूमि वाले लोग, जिनसे कुछ सीखने-समझने को मिलता है, उनकी वंशावली खोज का विषय होती है. किसी की पहचान भी तो उसकी वंशावली से ही होती है. लेकिन यदि वंशावली ईश्वर तुल्य या स्वयं ईश्वर की हो, तो यह इन तमाम बातों से परे, आस्था और विश्वास के महासागर के निर्मल और पारदर्शी जल की तरह होती है. इसमें किसी भी तरह की विसंगति या त्रुटि सीधे भावनात्मक ठेस पहुँचाती हुई मोहभंग का कारण बनती है. यही स्थिति ईसाइयों के परमेश्वर पुत्र या परमेश्वर कहे जाने वाले ईसा मसीह की वंशावली की है.
विदित हो कि पाँच बार संशोधित हो चुके बाइबल में कई त्रुटियाँ अब भी मौजूद हैं. कई स्थानों पर विरोधाभासी वर्णनों के साथ आंकड़ों में भी फर्क साफ नजर आता है. ईसा मसीह की वंशावली भी उन्हीं में से एक है. इसमें मत्ती द्वारा दी गई वंशावली लूका वाली वंशावली से मेल नहीं खाती है. दोनों में पूर्वजों की संख्या के साथ नाम भी अलग-अलग हैं. यहाँ तक कि ईसा मसीह के दादा का नाम भी दोनों सुसमाचारों (गॉस्पेल)) में अलग-अलग है.
मगर क्यों? इस सवाल पर जवाब भी अलग-अलग मिलते हैं. दरअसल, ईसाई रिलीजन में मतों की विभिन्नता की तरह (अनेक मत के होने के कारण) इन मामलों में भी विद्वानों में मतभेद है.
वंशावली में पूर्वजों की संख्या और नाम अलग-अलग
बाइबल के अनुसार, परमेश्वर ने अपने प्रिय पुत्र यीशु या ईसा मसीह के चार शिष्यों- मत्ती (मैथ्यू), मरकुस (मार्क), लूका (ल्यूक) और युहन्ना (जॉन) को प्रेरित कर उनके माध्यम से और गॉस्पेल या सुसमाचारों की रचना करवाई. चूँकि इनमें लिखे गए शब्द स्वयं परमेश्वर के वचन हैं, इसलिए इनमें रत्तीभर भी त्रुटि या झूठ की गुंजाईश नहीं है. यानी ये अकाट्य हैं. हालाँकि, जब हम ईसा मसीह की वंशावली खोजते हैं, तो पाते हैं कि मरकुस और युहन्ना के सुसमाचारों में इसका वर्णन नहीं है. मत्ती और लूका के सुसमाचारों में वर्णन मिलते हैं, परंतु वे भी आपस में मेल नहीं खाते हैं. आइए, इसे सारिणी (Table) के माध्यम से समझते हैं:
| लूका (ल्यूक) | मत्ती (मैथ्यू) |
| अब्राहम | अब्राहम |
| इसाक | इसाक |
| जेकब | जुडास |
| जुडा | फेयर्स |
| अमिनादाब | एस्रौम |
| नासौन | एरम |
| साल्मौन | अमिनादाब |
| बूज | नासौन |
| ओबैद | साल्मौन |
| जैसी | बूज |
| राजा डेविड | ओबैद |
| नाथन | जैसी |
| मत्ताथा | राजा डेविड |
| मेनन | सोलोमन |
| मेलेया | रोबोआम |
| एलिअकिम | अबिया |
| जोनान | असा |
| जोसेफ | जोसाफात |
| जुडा | जोरम |
| सिमिओन | ओजिअस |
| लेवी | जोआथम |
| मत्थात | अकाज |
| जोरिम | एजेकियास |
| एलिएजर | मनासेस |
| जोसे | आमोन |
| एर | जोसिआस |
| एल्मोदम | जेकोनिआस |
| कोसाम | सलाथियल |
| अड्डी | जोरोबबेल |
| मेल्की | अबियुड |
| नेरी | एलिआकिम |
| सलाथियल | अजोर |
| जोरोबबेल | सैदौक |
| रहेजा | अचिम |
| जोआना | इलियड |
| जुडा | एलिआजर |
| जोसेफ | मत्थान |
| सेमेयी | जेकब/याकूब |
| मत्तथिआस | जोसफ/युसूफ |
| माठ | जीसस (जो यीशु या ईसा मसीह कहलाया) |
| नग्गे | |
| एसलि | |
| नौम | |
| अमोस | |
| मत्तथिआस | |
| जोसेफ | |
| जन्ना | |
| मेल्की | |
| लेवी | |
| मत्थात | |
| हेली/एली | |
| जोसफ/युसूफ | |
| जीसस (जो यीशु या ईसा मसीह कहलाया) |
हम यहाँ देखते हैं कि मत्ती द्वारा दी गई यीशु या ईसा मसीह की वंशावली में उनके पूर्वजों की कुल संख्या 39 है, जबकि लूका वाली वंशावली में यह संख्या 52 है.
विदित हो कि ईसाई मिशनरियाँ ईसा मसीह को किंग डेविड (राजा दाउद) से जोड़कर देखती हैं और उससे शुरू होने वाली वंशावली को प्राथमिकता देती हैं, क्योकि उनका मानना है कि ईसा मसीह राजा दाउद के वंशज थे और उसकी राजगद्दी पर बैठने के हकदार थे. ऐसे में, जब हम मत्ती द्वारा दी गई वंशावली में दाउद से शुरू करते हैं, तो यीशु या जीसस का नाम 27वें नंबर पर आता है, जबकि लूका वाली वंशावली में यीशु/जीसस का नाम 42वें नंबर पर पहुँच जाता है.
दोनों- लूका और मत्ती, द्वारा दी गई वंशावली में शुरुआत में 4 नाम तो मिलते हैं, लेकिन आगे बदलते जाते हैं. कुछ आगे-पीछे हो जाते हैं, और जब हम और आगे बढ़ते हैं, तो समान नाम मिलने बंद हो जाते हैं. और, अंत आते-आते मत्ती वाले में यीशु/जीसस आ जाता है, लेकिन लूका में चूँकि पूर्वज ज्यादा हैं, इसलिए सूची लंबी होती जाती है और यीशु बहुत बाद में नजर आता है.
वंशावली में ईसा मसीह के दादा का अलग-अलग
ईसा मसीह की वंशावली में पूर्वजों की संख्या के साथ उनके नामों में विसंगतियाँ स्पष्ट दिखाई देती हैं. यहाँ तक कि ईसा मसीह के दादा का नाम भी अलग-अलग है. यह ऐसा मुद्दा है जिस पर ईसाई विद्वान आलोचकों से घिरे, और सफाई देते दिखाई देते हैं. मगर उनकी दलीलें बहुत अजीबोगरीब हैं.
1.यहोवा के साक्षी नामक वेबसाइट के लेख में दलील
यहोवा के साक्षी (मत्ती और लूका में दी यीशु की … – JW.org) नामक वेबसाइट में प्रकाशित एक लेख में कहा गया है:
इस लेख में दावे व कथन: 1.कानूनी हक बनाम पैदाइशी हक का नैरेटिव- मत्ती यूसुफ के जरिए यीशु को राजगद्दी का कानूनी हक देता है, और लूका मरियम के जरिए पैदाइशी हक देता है. 2.सुलेमान बनाम नातान (वंशवृक्ष की दो शाखाएँ)- इसमें कहा गया है कि यूसुफ दाउद के पहले बेटे सुलेमान के वंश से था और मरियम दाउद के दूसरे बेटे नातान के वंश से थी. 3.उस जमाने का दस्तावेजीकरण और ‘प्रचलित धारणा’- कहा गया है कि ‘उस जमाने के लोग अच्छी तरह जानते थे कि यूसुफ, एली का दामाद था.’ 4.’जैसा समझा जाता था’ (लूका 3:23) का सुरक्षा कवच- इसमें कहा गया है कि लूका ने यूसुफ को एली का बेटा बताया क्योंकि औरतों के नाम दर्ज नहीं होते थे.
आइए, अब इन्हीं दावों या दलीलों का बिन्दुवार विश्लेषण करते हैं:
(1) ‘कानूनी हक’ बनाम ‘पैदाइशी हक’ का नैरेटिव (दावा नंबर 1)
यह तर्क सच पर पर्दा डालने या ‘एक सुविधाजनक कवर अप’ (Covenient cover-up) से ज्यादा कुछ नहीं लगता है. मत्ती और लूका दोनों ने अपनी किताबों में वंशावली की शुरुआत यूसुफ से (अब्राहम से यीशु की ओर) की है. लूका के मूल यूनानी पाठ में कहीं भी ‘मरियम’ का नामोनिशान तक नहीं है. यह कहना कि लूका मरियम की वंशावली लिख रहा था, बाद के विचारकों द्वारा दोनों किताबों के भारी अंतर्विरोध को जबरदस्ती जोड़ने (Force-fitting) के लिए गढ़ा गया एक काल्पनिक पुल है. अगर दोनों को परमेश्वर से प्रेरणा मिली थी- उनके पास दिव्य ज्ञान था, तो उन्हें एक ही सच को साबित करने के लिए दो अलग-अलग और उलझे हुए रास्तों की जरुरत क्यों पड़ी?
(2) ‘लोग अच्छी तरह जानते थे कि यूसुफ दामाद था’ (दावा नंबर 3)
यह दावा ऐतिहासिक रूप से निराधार और कमजोर है. अगर उस जमाने के लोग यह ‘अच्छी तरह जानते थे’, तो शुरुआती ईसाई समाज में सदियों तक इसको लेकर सिरफुटव्वल और बहस क्यों हुई? सच तो यह है कि यह बात कोई नहीं जानता था. जब बाद में लोगों ने दोनों सुसमाचारों या गॉस्पेल को आमने-सामने रखकर पढ़ा और पाया कि दादा, परदादा, आदि सबके नाम अलग हैं, तब जाकर चर्च के विद्वानों को समाज को शांत करने के लिए ‘दामाद वाले नियम’ की थ्योरी पेश करनी पड़ी, ताकि उनके ग्रंथ (पवित्र बाइबल) की विश्वसनीयता बची रहे.
(3) ‘जैसा समझा जाता था’ का सुरक्षा कवच (दावा नंबर 4)
लूका (लूका 3:23 में) द्वरा प्रयुक्त वाक्यांश ‘जैसा समझा जाता था’ (As was supposed) कोई बुद्धिमानी का संकेत नहीं, बल्कि एक खामी या लूपहोल (Loophole) है. यह लेखक की उस कश्मकश या चालाकी को दिखाता है जहाँ वह एक तरफ यीशु को कुँआरी से पैदा हुआ या अलौकिक भी दिखाना चाहता है, और दूसरी तरफ यहूदियों को प्रभावित करने के लिए उन्हें दाउद के इंसानी वंश से भी जोड़ना चाहता है. ये दोनों बातें एक साथ सच नहीं हो सकती हैं- या तो यीशु अलौकिक थे (तो वंशावली का कोई अर्थ नहीं है), या फिर वे दाउद के वंशज थे (तो वे यूसुफ के जैविक पुत्र थे). लूका ने बीच का रास्ता निकालकर दोनों नावों पर पैर रखने की कोशिश की, जो तार्किकता की कसौटी रूपी नदी में डूब जाती हैं.
2.गॉट क्वेश्चन्स नामक वेबसाइट की दलील
इंटरनेट पर ईसा मसीह और ईसाइयत के प्रचार और विस्तार के कार्य में समर्पित बाइबल, गॉड, ईसाई रिलीजन और धर्मशास्त्रों से जुड़े प्रश्न-उत्तर (Christian Q&A) वाली दुनियाभर में मशहूर गॉट क्वेश्चन्स (https://www.gotquestions.org/Hindi/Hindi-Jesus-genealogies.html) नामक आध्यात्मिक मंत्रालय (Ministry of Spirituality) की वेबसाइट ने भी ऐतिहासिक उदाहरण के साथ यीशु की वंशावली पर दलील दी है, परंतु यह एक बिल्कुल अलग ही नजरिया पेश करता है.
इसमें इतिहासकार येसुबियस (Eusebius) के जिस नियोग विवाह (Levirate Marriage) वाले सिद्धांत का जिक्र है, वह दरअसल इसी वेबसाइट के तर्कों का हिस्सा है. आइए, इनके तर्कों- दावों का विश्लेषण करते हैं.
(1) ‘नियोग विवाह’ की थ्योरी: ऐतिहासिक सच या डैमेज कंट्रोल?
दावा: यदि एक भाई (एली) बिना संतान के मर गया, तो दूसरे भाई (याकूब) ने उसकी पत्नी से विवाह किया, जिससे यूसुफ पैदा हुए. इस तरह यूसुफ कानूनी रूप से एली के और जैविक रूप से याकूब के पुत्र बने.
विश्लेषण: यह सिद्धांत ऐतिहासिक तथ्यों से ज्यादा एक ‘गणितीय जोड़-तोड़’ जैसा प्रतीत होता है. मत्ती और लूका की वंशावलियों में विसंगति इतनी बड़ी है कि केवल दादा (एली और याकूब) का स्तर ही नहीं बदलता है, बल्कि राजा दाउद से लेकर यूसुफ तक के बीच की लगभग पूरी पीढियाँ और नाम ही पूरी तरह अलग हैं. अगर केवल एक पीढ़ी में नियोग विवाह हुआ था, तो उससे पिछली 30-40 पीढ़ियों के सारे नाम (जैसे एक में सुलेमान का वंश और दूसरे में नातान का वंश) कैसे बदल गए? स्पष्ट है कि यह दलील पूरी वंशावली के अंतर्विरोध को नहीं सुलझाती है, बल्कि केवल यूसुफ के पिता वाले नाम के तात्कालिक अंतर्विरोध पर पर्दा डालती है.
(2) येसुबियस (Eusebius) के संदर्भ का चश्मा
दावा: तीसरी-चौथी शताब्दी के प्रसिद्ध कलीसियाई इतिहासकार येसुबियस (Eusebius) ने इस दृष्टिकोण को थामा यानी अपनाया था.
विश्लेषण: यहाँ यह समझना जरुरी है कि येसुबियस कोई स्वतंत्र विचारों वाले और निष्पक्ष इतिहासकार नहीं थे. वे रोमन सम्राट कॉन्सटेंटाइन के समय के चर्च के एक प्रमुख अंग थे, जिनका मुख्य कार्य ईसाई मत की सर्वोच्चता और धर्मग्रंथों की अचूकता (Inerrancy) को किसी भी प्रकार से स्थापित करना था. जब ईसाइयत साम्राज्य का राजधर्म बन रही थी, तब धर्मग्रंथों में किसी भी प्रकार का अंतर्विरोध दिखना एक बड़ा राजनीतिक और धार्मिक जोखिम था. इसलिए येसुबियस का इस सिद्धांत को बढ़ावा देना एक प्रशासनिक एवं धार्मिक मजबूरी (Theological Necessity) थी, न कि किसी निष्पक्ष ऐतिहासिक खोज का परिणाम.
(3) वैधानिक (Legal) बनाम जैविक (Biological) का विरोधाभास
दावा: मत्ती जैविक वंशावली दिखा रहा है और लूका वैधानिक या कानूनी वंशावली का पता लगा रहा है.
विश्लेषण: यह तर्क अपने आप में ही विरोधाभाषी हो जाता है. ईसाई धर्मशास्त्र के अनुसार, यीशु का जन्म कुँआरी मरियम से हुआ था और यूसुफ से उनका कोई जैविक संबंध (Blood relation) नहीं था. अगर मत्ती यूसुफ की ‘जैविक’ वंशावली दिखा रहा है, तो उसका यीशु के लिए कोई अर्थ नहीं बचता है, क्योंकि यूसुफ तो यीशु के जैविक पिता थे ही नहीं! एक तरफ यीशु को अलौकिक बताना और दूसरी तरफ यूसुफ की जैविक वंशावली को इतना महत्त्व देना, इस तर्क के पूरे ढाँचे को ही कमजोर कर देता है.
(4) लक्षित पाठक और नैरेटिव का खेल
यदि हम तटस्थ होकर देखें, तो मत्ती और लूका दोनों लेखकों ने अपने-अपने लक्षित पाठकों (Target Audience) को प्रभावित करने के लिए अलग-अलग कहानियाँ बुनीं. मत्ती यहूदियों को यह समझाना चाहता था कि यीशु राजा सुलेमान वाले शाही और कानूनी घराने से है, ताकि वे उन्हें राजा स्वीकार करें. लूका गैर-यहूदी और गरीब तबके के पाठकों के लिए लिख रहा था, इसलिए उसने दाउद के दूसरे बेटे नातान (जो राजा नहीं बना) के वंश को चुना, ताकि यीशु को आम इंसानों से जोड़ा जा सके. जब बाद में इन दोनों एजेंडों के तहत लिखे गए दस्तावेज एक ही किताब (बाइबल) में संकलित किये गए, तो इस तरह के विरोधाभास सामने आना तय था.
जहाँ तक गॉट क्वेश्चंस जैसी प्रचारक वेबसाइटों का सवाल है, इनका मुख्य उद्देश्य इतिहास की खोज करना नहीं, बल्कि आस्था का बचाव (Apologetics) करना है. उपरोक्त ‘नियोग विवाह’ का तर्क इतिहास के किसी अकाट्य साक्ष्य पर आधारित नहीं है, बल्कि यह दो अलग-अलग लेखकों द्वारा अपने-अपने समय पर गढ़े गए नेरेटिव के आपसी टकराव को सुलझाने का एक ‘थियोलोजिकल डैमेज कंट्रोल’ है.
3.डिजायरिंग गॉड नामक वेबसाइट में जॉन पाइपर की काल्पिनक और गणितीय दलील
उपरोक्त दोनों वेबसाइटों की जैसी ही दलील ईसाइयत का प्रचार करने वाली डिजायरिंग गॉड नामक ईसाई धर्मशास्त्र और शिक्षण मंत्रालय (Christian teaching ministry) की अधिकारिक वेबसाइट (https://www.desiringgod.org/articles/who-was-jesus-grandfather) के संस्थापक और शिक्षक जॉन पाइपर ने भी दी है. उनके विचार पढ़कर ऐसा लगता है कि वे मानो वंशावली के विश्लेषण के बजाय गणित का सवाल हल कर रहे हों. देखिए (हिंदी अनुवाद):
जॉन पाइपर का दावा: यदि दाउद के सिंहासन का कानूनी वारिस एलिआजर (मत्ती की सूची) बिना संतान के मर गया, तो उसका चचेरा भाई मथान/मैथट (लूका की सूची) उसका कानूनी वारिस बना. आगे चलकर जैकब (या याकूब) और हेली (या एली) सौतेले भाई बने. जैकब बिना बेटा पैदा किए मर गया, तो हेली ने नियोग प्रथा (Levirate Marriage) के तहत जैकब की विधवा से शादी की, जिससे जोसेफ (यूसुफ) पैदा हुए. इस तरह यूसुफ कानूनी रूप से जैकब के वारिस बने और जैविक रूप से हेली के बेटे रहे.
विश्लेषण: जॉन पाइपर और उनकी संस्था का यह तर्क इतिहास या दस्तावेजी साक्ष्यों पर आधारित नहीं है, बल्कि यह एक के बाद एक कई काल्पनिक धारणाओं (Assumptions) की बुनियाद पर खड़ा किया गया एक धर्मशास्त्रीय चित्र-जोड़ पहेली या ‘थियोलोजिकल जीग्सॉ पहेली’ (Theological Jigsaw Puzzle) है. इस सिद्धांत को सच साबित करने के लिए लेखक को अपनी तरफ से तीन बार ‘मान लीजिये…’ (Suppose) का सहारा लेना पड़ा है:
(1) काल्पनिक मृत्यु: पहले मान लीजिये कि एलियाजर बिना बच्चों के मरा (बाइबल में इसका कोई जिक्र नहीं है).
(2) नामों की अदला-बदली: फिर मान लीजिये कि मथान और मैथट एक ही व्यक्ति हैं (यह सिर्फ एक भाषाई तुक्का है)
(3) डबल ट्विस्ट: और फिर मान लीजिये कि जैकब भी बिना बेटों के मर गया और हेली ने नियोग विवाह किया.
यह तर्क मत्ती और लूका की दो बिल्कुल अलग सूचियों (वंशावलियों) के नामों को जबरदस्ती आपस में गूँथने (Cross Referencing) की हताश कोशिश है. इस पूरे समीकरण की सबसे बड़ी चालाकी यह है कि मत्ती की सूची के ‘मथान’ और लूका की सूची के ‘मैथट’ को केवल उच्चारण की समानता के आधार पर ‘एक ही व्यक्ति’ मान लिया गया है. एक निष्पक्ष आलोचक की नजर में, दो अलग-अलग ऐतिहासिक सूचियों के किरदारों को केवल अपनी सुविधा के लिए एक ही घोषित कर देना और फिर उनके बीच काल्पनिक शादियों और मौतों की कहानी गढ़ना, इतिहास का विश्लेषण नहीं, बल्कि ‘बौद्धिक हेराफेरी’ (Mental Gymnastics) है. यह साबित करता है कि जब धर्मग्रंथों के अंतर्विरोधों का कोई सीधा जवाब नहीं मिलता है, तो धर्मशास्त्री पाठकों को उलझाने के लिए एक ऐसी काल्पनिक कॉकटेल तैयार करते हैं जो तर्क की कसौटी पर पहली बार में ही बिखर जाती है.
इस प्रकार, यह स्पष्ट हो जाता है कि एक तरफ जहाँ मत्ती और लूका दोनों की वंशावलियों में भारी मतभेद है, वहीं ईसाई विद्वानों का प्रयास यह है कि किसी भी प्रकार से उस पर पर्दा डाला जाए. सबसे बड़ा सवाल यह है कि ईसा मसीह को क्यों जबरन दाउद के वंशजों से जोड़ने की कोशिश की गई है? संसार का राजा कहलाने वाले ईसा मसीह क्या दुनिया में दाउद की सत्ता हासिल करने आए थे? क्या ईसाइयत धार्मिक नहीं, बल्कि सत्ता-प्राप्ति के सिद्धांतों पर आधारित एक दुनियावी व्यवस्था है?
इसीलिए, बार्ट एरमैन (Bart Ehrman) जैसे पंथ-निरपेक्ष इतिहासकार और विद्वान ईसाइयत को साहित्यिक रचना और राजनीतिक-धार्मिक आवश्यकता के रूप देखते हैं. इनके अनुसार मत्ती और लूका की वंशावलियों की असलियत या ऐतिहासिक सच निम्नलिखित बिंदुओं में छिपा है:
1.ईसा मसीह की वंशावलियाँ: ऐतिहासिक दस्तावेज नहीं, बल्कि थियोलोजिकल टूल हैं
आधुनिक इतिहासकारों का मानना है कि ईसा मसीह के समय यहूदियों के पास कोई ऐसा केंद्रीय रिकॉर्ड रूम नहीं था जहाँ आम लोगों की 40 पीढ़ियों का रिकॉर्ड रखा हो. मत्ती और लूका ने इन सूचियों को इतिहास दर्ज करने के लिए नहीं, बल्कि अपने धर्मशास्त्रीय एजेंडे (Theological Agenda) को सिद्ध करने के लिए खुद तैयार किया था.
- मत्ती का एजेंडा: यीशु को इब्राहीम और दाउद का वंशज सिद्ध करके यहूदी मसीहा (Messiah) साबित करना.
- लूका का एजेंडा: यीशु को पूरी मानव जाति का उद्धारकर्ता साबित करना. इसलिए उसने वंशावली को दाउद से भी पीछे ले जाकर सीधे आदम (इब्राहिमी मजहब का सबसे पहला मनुष्य) और परमेश्वर पर खत्म किया.
2.’दाउद का वंशज’ होना एक अनिवार्य राजनीतिक मजबूरी थी
पहली सदी के यहूदी समाज में यदि कोई खुद को मसीहा कहता था, तो उसके लिए राजा दाउद के वंश से होना अनिवार्य शर्त थी. इतिहासकार बताते हैं कि नाजरेथ (Nazareth) जैसे एक बेहद पिछड़े और गरीब गाँव से आने वाले यीशु को तत्कालीन यहूदी समाज आसानी से मसीहा स्वीकार नहीं करता. इसलिए, मत्ती और लूका दोनों लेखकों ने स्वतंत्र रूप से यीशु को दाउद के शाही घराने से जोड़ने के लिए दो अलग-अलग वंशावलियाँ गढ़ीं. चूँकि दोनों ने एक दूसरे से सलाह किए बिना यह काम किया, इसलिए दोनों सूचियों के नाम आपस में पूरी तरह टकरा गए.
3.नाम और पीढ़ियों की संख्या का गणितीय घालमेल
सेक्यूलर विद्वान मत्ती और लूका की वंशावलियों में गणितीय अंतर को बहुत स्पष्ट रूप से रेखांकित करते हैं:
- दाउद से लेकर यूसुफ तक के कालखंड (लगभग 1000 वर्ष) को पाटने (कवर करने) मत्ती केवल 26 पीढ़ियों का का जिक्र करता है.
- (जबकि) इसी समान कालखंड के लिए लूका 41 पीढ़ियों का जिक्र करता है.
इतिहस की दृष्टि से 1000 साल में केवल 26 पीढियाँ होना जैविक रूप से असंभव है (इसका मतलब हर पीढ़ी में पिता की उम्र 40 वर्ष से आधी रही होगी, जो उस दौर की औसत जीवन प्रत्याशा से मेल नहीं खाता है). यह स्पष्ट दिखाता है कि मत्ती ने अपनी सूची को ’14-14-14′ के एक खास यहूदी अंक ज्योतिष (Gematria) के ढाँचे में बिठाने (फिट करने) के लिए कई ऐतिहासिक नामों को जानबूझकर गायब कर दिया था.
4.कुँआरी से जन्म (Virgin Birth) और वंशावली का अन्तर्निहित विरोधाभास
आधुनिक आलोचक इस पूरी बहस की सबसे बुनियादी विसंगति पर चोट करते हैं. मत्ती और लूका दोनों अपनी-अपनी किताबों के शुरुआती अध्यायों में दावा करते हैं कि यीशु का जन्म कुँआरी मरियम से हुआ था और यूसुफ उनके जैविक पिता नहीं थे.
- आलोचकों का तर्क: यदि यूसुफ यीशु के पिता थे ही नहीं, तो यूसुफ की वंशावली को दाउद से जोड़कर पन्ने दर पन्ने काले करने का ऐतिहासिक औचित्य क्या है? यूसुफ की वंशावली यीशु को दाउद का वंशज कैसे बना सकती है जब उनके बीच कोई खून का रिश्ता नहीं था.
इतिहासकार इसे इस बात का प्रमाण मानते हैं कि शुरुआती ईसाई समाज में दो अलग-अलग परंपराएँ चल रही थीं- एक जो यीशु को यूसुफ का बेटा और दाउद का वंशज मानती थी, और दूसरी जो उन्हें कुँआरी से जन्मा परमेश्वर का पुत्र मानती थी. बाद में इन दोनों परस्पर विरोधी विचारों को एक ही दस्तावेज (बाइबल) में मिलाने की कोशिश हुई, जिससे यह तार्किक उलझन पैदा हुई.
यूँ कहिये कि सेक्यूलर इतिहासकारों की दृष्टि में मत्ती और लूका की वंशावलियाँ ईसा मसीह के वास्तविक पूर्वजों का रिकॉर्ड नहीं हैं. यह इस बात का प्रमाण है कि कैसे पहली सदी के उत्तरार्ध में एक नए धार्मिक आंदोलन (ईसाइयत) ने अपने नायक को स्थापित करने, समाज में स्वीकार्यता दिलाने और पुरानी भविष्यवाणियों को सच साबित करने के लिए साहित्यिक और वैचारिक ताने-बाने बुने थे.
निष्कर्ष: आस्था के दावे बनाम ऐतिहासिक सच
ईसा मसीह की वंशावली को लेकर मत्ती और लूका के सुसमाचारों में दिखने वाले गहरे मतभेद आज भी धर्मशास्त्रियों और इतिहासकारों के बीच बहस का एक बड़ा मुद्दा हैं. जहाँ एक ओर परंपरागत ईसाई संगठन और धार्मिक टीकाकार इन अंतर्विरोधों को सुलझाने के लिए ‘मरियम के पक्ष की वंशावली’ या नियोग विवाह (Levirate Marriage)’ जैसे पेचीदा और आस्था आधारित तर्क पेश करते हैं, वहीं दूसरी ओर आधुनिक पंथ-निरपेक्ष इतिहासकार और बाइबल आलोचक इन्हें एक अलग चश्मे से देखते हैं. निष्पक्ष ऐतिहासिक दृष्टिकोण से साफ है कि ये वंशावलियाँ शुद्ध पारिवारिक रिकॉर्ड नहीं, बल्कि पहली सदी के समाज में ईसा मसीह की यहूदी भविष्यवाणियों के अनुसार दाउद का वंशज और मसीहा साबित करने के लिए तैयार किए गए साहित्यिक और धार्मिक नैरेटिव (Theological Narratives) थे.
अंततः, ईसा मसीह की वंशावली का यह विवाद इस बात का प्रमाण है कि धर्म और इतिहास जब आपस में टकराते हैं, तो वहाँ तथ्यों से ज्यादा महत्ता धार्मिक संदेश, सामाजिक स्वीकार्यता और वैचारिक प्रभाव को दी जाती है. पाठक इसे किस रूप में देखते हैं, यह पूरी तरह से उनके व्यक्तिगत दृष्टिकोण और आस्था या तर्क की कसौटी पर निर्भर करता है.
और चलते चलते अर्ज है यह शेर…
झूठा है झूठ बात ये बोलेगा आईना,
आओ हमारे सामने हम सच बताएंगें |
और साथ ही…
जब तक वो झूठ कहता रहा सर पे ताज़ था,
सच कह दिया तो ताज़ ही क्या सर नहीं मिला |
Support us for the Truth
Information platforms that spread lies never lack funding. They have a well-organised international network that keeps their business running. We need your support to fight them. Please contribute whatever you can afford.
Pay






