ज्ञान विज्ञान
प्लास्टिक के कचरे से बनेगी वनीला आइसक्रीम! जानें पूरी डिटेल
प्लास्टिक का कचरा पर्यावरण के लिए एक बहुत बड़ी समस्या है. इस कारण तरह-तरह के उपाय खोजे जा रहे हैं. साथ ही, कुछ ऐसा भी हो रहा है जिससे कचरे को नष्ट करने के बजाय इसका उपयोग हो सके. कुछ क्षेत्रों में ऐसा हो भी रहा है. लेकिन इससे खाने-पीने की कोई लजीज़ चीज़ भी बने, तो अचरज वाली बात है, और विचारणीय भी है.

– वैज्ञानिकों ने प्लास्टिक के कचरे को वनीला फ्लेवर में बदलने का खोजा तरीक़ा
– एडिनबर्ग यूनिवर्सिटी के वैज्ञानिकों का दावा- आइसक्रीम में इसका हो सकता है इस्तेमाल
– प्लास्टिक और पॉलिथीन कचरे का सदुपयोग होगा, और पर्यावरण की समस्या से भी मिलेगी राहत
वनीला आइसक्रीम अब प्लास्टिक के कचरे से भी बन सकेगी. दरअसल, वैज्ञानिकों ने प्लास्टिक के कचरे से आइसक्रीम में मिलाया जाने वाला वनीला फ्लेवर तैयार करने में कामयाबी हासिल कर ली है. बताया जाता है कि इसमें जेनेटिकली मोडिफाइड बैक्टीरिया का इस्तेमाल कर प्लास्टिक को वैनिलीन (वनीला फ्लेवर) में बदला गया है. निकट भविष्य में संभव है कि खाने-पीने की दुकानों और ठेलों पर आपको प्लास्टिक के कचरे से बना वनीला आइसक्रीम खाने को मिले!
प्लास्टिक का कचरा पर्यावरण के लिए एक बहुत बड़ी समस्या है, जिससे निपटने के लिए दुनियाभर में शोध हो रहे हैं- नए और अनूठे उपाय खोजे जा रहे हैं. इसी कड़ी में, कचरे को नष्ट करने के बजाय इसके राच्नात्मक उपयोग पर जोर दिया जा रहा है, और कुछ क्षेत्रों में इसके शानदार नतीजे दिख भी रहे हैं. लेकिन विज्ञान का असली जादुई रंग तब दिखा, जब वैज्ञानिकों ने प्लास्टिक के कचरे को वनीला फ्लेवर में बदल डाला! तकनीक का यह कमाल वाकई अचरज भरा है, लेकिन विचारणीय भी है. निकट भविष्य में जब आप किसी ठेले या दुकान पर ‘ठंडी और लजीज़’ वनीला आइसक्रीम का आनंद ले रहे होंगें उस वक़्त स्वाद के साथ आपके दिमाग में प्लास्टिक की टूटी-पिचकी बोतलें, फेंकी हुई चप्पलें और बिखरी हुई पॉलिथीन की तस्वीरें भी दिमाग में घूम रही होंगीं.
दरअसल, ख़बर आई है कि वैज्ञानिकों ने प्लास्टिक के कचरे को वनीला फ्लेवर में बदलने का तरीका खोज निकाला है. इस सन्दर्भ में, एडिनबर्ग युनिवर्सिटी के शोधकर्ताओं ने दावा किया है कि इसका इस्तेमाल आइसक्रीम में हो सकता है.
ग्रीन केमिस्ट्री जरनल में छपी अध्ययन की रिपोर्ट के मुताबिक़ वैनिलीन नामक कंपाउंड (यौगिक) वनीला की तरह ख़ुशबू देता है, और स्वाद पैदा करता है. प्राकृतिक रूप से यह वनीला बीन्स से तैयार किया जाता है जिसका हिस्सा 15 फ़ीसदी है, जबकि बाक़ी 85 फ़ीसदी यह जीवाश्म इंधन से हासिल हुए रसायनों से निकाला जाता है.
विदित हो कि दुनियाभर में वैनिलीन की मांग पूर्ति की तुलना में बहुत ज़्यादा है. आंकड़ों के अनुसार साल 2018 में इसकी मांग 37, 000 मीट्रिक टन थी, और 2027 तक यह बढ़कर 63, 000 से 65, 000 मीट्रिक टन के पार होने की संभावना है.
ऐसे में, वैज्ञानिकों ने इसे सिंथेटिक रूप में विकसित करने का एक तरीक़ा ढूंढ निकाला है. इसके तहत उन्होंने प्लास्टिक के कचरे को जेनेटिकली मोडिफाइड बैक्टीरिया से मिलाकर वैनिलीन बनाया है, जिसका फ़ायदा यह होगा कि वैनिलीन का उत्पादन तो ज़्यादा होगा ही, साथ ही प्लास्टिक के कचरे से भी दुनिया को राहत मिलेगी.
निरंतर अथक परिश्रम का परिणाम है यह उपलब्धि
बताया जाता है कि वर्षों से इस कार्य में लगे वैज्ञानिक पहले प्लास्टिक की बोतलों को गलाने में क़ामयाब हुए थे. दरअसल ये बोतलें पॉलीइथाइलिन टेरेफ्थेलेट से बनी होती हैं जिसे टेरेफ्थेलिक एसिड भी कहते हैं.
विदित हो कि टेरेफ्थेलिक एसिड और वैनिलीन का रासायनिक कम्पोजिशन समान होता है. ऐसे में, एडिनबर्ग के वैज्ञानिकों ने पहले जेनेटिकली मोडिफाइड एशरेकिया कोलाई बैक्टीरिया (ई-कोलाई बैक्टीरिया) के जीनोम में बदलाव किया, और फ़िर उसे प्लास्टिक से तैयार टेरेफ्थेलिक एसिड के साथ मिलाकर 37 डिग्री सेल्सियस पर रखा. क़रीब 24 घंटे बाद पाया गया कि टेरेफ्थेलिक एसिड का 79 फ़ीसदी हिस्सा वैनिलीन में बदल चुका था.
अब टेरेफ्थेलिक एसिड से निकलने वाले 79 फ़ीसदी वैनिलीन की मात्रा को और अधिक बढ़ाए जाने की दिशा में क़ाम चल रहा है. इस खोज़ में शामिल एडिनबर्ग यूनिवर्सिटी के वैज्ञानिक स्टीफन वॉलेस का कहना है-
” हमारा शोध उस सोच को चुनौती है जो यह मानते हैं कि प्लास्टिक का कचरा दुनिया के लिए एक बड़ी समस्या है. यह कार्बन का एक नया स्रोत है. इससे कई उत्पाद तैयार किए जा सकते हैं. “
वैनिलीन के कई अन्य उपयोग भी हैं
विशेषज्ञों के अनुसार वैनिलीन का उपयोग खाने-पीने की चीज़ों और कॉस्मेटिक में किया जाता है. फ़ार्मा इंडस्ट्री में इसका इस्तेमाल किया जाता है. साथ ही,साफ़-सफ़ाई में काम आने वाले प्रोडक्ट और हर्बीसाइड यानि कृषि क्षेत्र में अवांछित खरपतवारों को नष्ट करने में प्रयोग होने रसायनों में भी इसका इस्तेमाल होता है.
विदित हो कि प्लास्टिक का कचरा पर्यावरण के लिए एक बहुत बड़ी चुनौती है. प्लास्टिक और पॉलिथीन की वज़ह से हवा और पानी, दोनों प्रदूषित हो रहे हैं.
रिपोर्ट के मुताबिक़ क़रीब 10 लाख प्लास्टिक की बोतलें प्रति मिनट के हिसाब से हर साल पूरी दुनिया में बेचीं जाती है, जिनमें से सिर्फ़ 14 फ़ीसदी बोतलों को ही रिसाइकल किया जाता है, और इनका उपयोग कपड़े, कारपेट और फाइबर बनाने में होता है. मगर इस खोज़ के बाद लगता है कि कई अन्य उत्पाद भी तैयार किए जा सकेंगें.
Support us for the Truth
Information platforms that spread lies never lack funding. They have a well-organised international network that keeps their business running. We need your support to fight them. Please contribute whatever you can afford.
Pay






