समाज

शादीशुदा जोड़ों में वाइफ स्वैपिंग (Wife Swapping): शहरों से गांवों तक- सामाजिक, मनोवैज्ञानिक और कानूनी आयाम

भारत जैसे पारंपरिक और मर्यादित देश में वाइफ स्वैपिंग (Wife Swapping) की शुरुआत महानगरों के मुट्ठीभर उन बहुत रईस और तथाकथित हाई सोसायटी-एलिट क्लबों से हुई, जहाँ लोग आधुनिकता की दौड़ में अपनी जड़ों को भूल चुके थे. परंतु, पिछले कुछ वर्षों में देश के भीतर सूचना तकनीक और स्मार्टफोन के अभूतपूर्व प्रसार ने इस सामाजिक प्रदूषण के भूगोल को पूरी तरह बदलकर रख दिया है. ऐसे में, इसके मूल कारण क्या हैं, यह समझने के लिए विषय को सामाजिक, मनोवैज्ञानिक और कानूनी नज़रिए से देखने-परखने की ज़रूरत है.

Don't miss out!
Subscribe To Newsletter
Receive top education news, lesson ideas, teaching tips and more!
Invalid email address
Give it a try. You can unsubscribe at any time.

भारतीय मनीषा, दर्शन और परंपरा में विवाह को केवल दो शरीरों के बीच का कोई अस्थायी समझौता या दीवानी संविदा (Civil Contract) नहीं, बल्कि दो आत्माओं को पवित्र, अटूट और अविभाज्य बंधन में बाँधने वाला संस्कार (Sacrament) माना गया है. यह एक ऐसी व्यवस्था है जो व्यक्ति को केवल व्यक्तिगत सुखों के पीछे भागने के बजाय परिवार, समाज और धर्म के प्रति उसके नैतिक कर्तव्यों का बोध कराती है. परंतु, इक्कीसवीं सदी के इस दौर में वैश्वीकरण (Globalization), बेलगाम उपभोक्तावादी संस्कृति (Consumer Culture) और पश्चिमी देशों के अंधानुकरण ने हमारी इस पावन पारंपरिक संरचना की बुनियाद पर गहरा आघात किया है. आधुनिकता, खुलेपन और ‘व्यक्तिगत स्वतंत्रता’ (Personal Liberty) के चमकीले आवरण में लिपटी वाइफ स्वैपिंग (Wife Swapping) यानी शादीशुदा जोड़ों द्वारा आपसी सहमति के नाम पर जीवनसाथी की अदला-बदली करने की प्रवृत्ति इसी मानसिक और नैतिक पतन का प्रत्यक्ष प्रमाण है.

वाइफ स्वैपिंग के विभिन्न आयाम और परिणाम

चौंकाने वाली और अत्यंत चिंताजनक बात यह है कि वाइफ स्वैपिंग (Wife Swapping) सामाजिक प्रदूषण केवल महानगरों (Metros) के मुट्ठी भर एलिट क्लबों या उच्च वर्गीय सोसायटियों तक ही सीमित नहीं रहा है. स्मार्टफोन की सुलभता और डिजिटल गोपनीयता (Digital Anonymity) का लाभ लाभ उठाकर यह बीमारी अब भारत के टियर-2 और टियर-3 शहरों से होती हुई ग्रामीण अंचलों (Rural Areas) की दहलीज तक पहुँच चुकी है. रोमांच, ‘रोमांस’ और ‘म्युचुअल कंसेंट’ के नाम पर खेला जा रहा रिश्तों की खरीद-फ़रोख्त और अदला-बदली का यह घिनौना खेल न केवल वैवाहिक निष्ठा को तार-तार कर रहा है, बल्कि हमारे हज़ारों साल पुराने सामाजिक ताने-बाने को भी छिन्न-भिन्न करने पर आमादा है. यह आलेख इस अदृश्य सामाजिक महामारी के उन सामाजिक, मनोवैज्ञानिक और कानूनी आयामों का निष्पक्ष और प्रामाणिक विश्लेषण करता है, जिन्हें अक्सर आधुनिकता की चकाचौंध में छिपा दिया जाता है.

इस गंभीर सामाजिक विकृति की जड़ों और इसके भौगोलिक विस्तार को समझने के लिए हमें सबसे पहले उस वैचारिक और भाषाई भ्रामकता को खंगालना होगा, जिसने हमारी आधुनिक पीढ़ी के मानस को पूरी तरह दिग्भ्रमित कर दिया है. आज के दौर में भाषाई अनुवाद के फेर में पड़कर लोग विदेशी संस्कृतियों और भारतीय जीवन मूल्यों के बुनियादी और दार्शनिक अंतर को पूरी तरह भूल चुके हैं. जहाँ पश्चिमी दुनिया में ‘मैरिज’ (Marriage) महज एक सामाजिक-कानूनी अनुबंध है जो व्यक्तिगत अधिकारों पर टिका है, वहीं अरब संस्कृति में ‘शादी या निकाह’ एक ऐसा दीवानी करार (Civil Contract) है जो मेहर (Dower) जैसी एक निश्चित वित्तीय सुरक्षा राशि या सेक्स के बदले दी जाने वाली उजरत (मजदूरी) के लेनदेन पर आधारित होता है, जिसे आपसी पटरी न बैठने पर या दूसरी बीवी की चाह में कभी भी तोड़ा जा सकता है. इसके विपरीत, भारत की ‘सनातन परंपरा’ में विवाह कोई ऐसा व्यावसायिक, वित्तीय या अस्थाई समझौता नहीं, बल्कि सात जन्मों का एक पवित्र आत्मिक संबंध है. यानी निकाह या शादी और मैरिज की अवधारणाएं विवाह से बिल्कुल भिन्न हैं.

जब समाज रिश्तों को इस उच्च धार्मिक संस्कार के बजाय केवल एक उपभोग की वस्तु (Commodity) या कानूनी कॉन्ट्रैक्ट मान लेता है, तब इंसानी दिमाग अपनी कामुक तृप्ति के लिए वाइफ स्वैपिंग जैसी असामाजिक और आत्मघाती प्रवृत्तियों के पक्ष में कुतर्क गढ़ने लगता है. अतः इस भटकाव को गहराई से समझने के लिए इन सांस्कृतिक और वैधानिक अवधारणाओं के अंतर को जानना अनिवार्य है, जिसकी विस्तृत विवेचना हमें हमारे सामाजिक इतिहास इतिहास में देखने को मिलती है.

1.सामाजिक आयाम (Social Dimension): महानगरों के एलिट क्लबों से ग्रामीण अंचलों तक का सफ़र

भारतीय समाज की संरचनात्मक बनावट का अध्ययन करने वाले समाजशास्त्रियों के लिए वाइफ स्वैपिंग जैसी अनैतिक प्रवृत्तियों का प्रसार एक अत्यंत चिंताजनक विषय बन चुका है. कुछ दशक पहले तक यह माना जाता था कि इस प्रकार का अमर्यादित आचरण केवल पाश्चात्य देशों की ‘की पार्टीज़’ (Key Parties) जैसी संस्कृतियों तक ही सीमित है, जहाँ विवाह को सात जन्मों का पवित्र बंधन (जुड़ाव) मानने के बजाय केवल एक समाजिक-कानूनी अनुबंध (Social Contract) माना जाता है. भारत जैसे पारंपरिक और मर्यादित देश में इसकी शुरुआत महानगरों (Metros) के मुट्ठी भर उन अत्यधिक रईस और तथाकथित ‘हाई सोसायटी’ एलिट क्लबों से हुई, जहाँ लोग आधुनिकता की दौड़ में अपनी जड़ों को भूल चुके थे. परंतु, पिछले कुछ वर्षों में देश के भीतर सूचना तकनीक और स्मार्टफोन के अभूतपूर्व प्रसार ने इस सामाजिक प्रदूषण के भूगोल को पूरी तरह बदलकर रख दिया है.

एलिट क्लास से मध्यमवर्ग तक का संक्रमण (The Class and Geographic Shift)

किसी भी देश की सांस्कृतिक और नैतिक रीढ़ उसका मध्यमवर्ग (Middle Class) होता है. भारतीय मध्यमवर्ग पारंपरिक रूप से लोकलाज, पारिवारिक मूल्यों और मर्यादाओं के प्रति संवेदनशील रहा है. परंतु, उदारीकरण के बाद उपजी तीव्र उपभोक्तावादी संस्कृति (Consumerist Culture) और बिना किसी कड़े नियमन (Regulation) के इंटरनेट की बेलगाम सुलभता ने इस वर्ग के एक हिस्से के भीतर एक अजीब सा मानसिक और वैचारिक भटकाव पैदा कर दिया है. महानगरों की तथाकथित ‘स्वतंत्र और चमकीली जीवनशैली’ की अंधी नक़ल करने की चाहत में छोटे शहरों के कई सुशिक्षित, कॉर्पोरेट जगत से जुड़े या आर्थिक रूप से सुदृढ़ जोड़े (जीवनसाथी) भी इस दलदल को ‘मॉडर्न और प्रोग्रेसिव’ होने का पैमाना मान बैठे हैं.

खोजी पत्रकारों के दीर्घकालिक शोध और पुलिस फाइलों के क्षेत्रीय विश्लेषणों से यह कडवा सच पूरी तरह प्रमाणित हो चुका है कि यह बीमारी अब दिल्ली, मुंबई या बेंगलुरु जैसे बड़े महानगरों के लग्जरी विला और एलिट सोसायटियों से निकलकर देश के टियर-2 और टियर-3 शहरों की बंद गलियों तक पहुंच चुकी है. हरियाणा के रोहतक और सोनीपत, पश्चिमी उत्तरप्रदेश के मेरठ, राजस्थान के अलवर और उत्तराखंड के हल्द्वानी जैसे पारंपरिक और अर्ध-शहरी अंचलों (Semi-Urban Areas) के मध्यमवर्गीय और कुलीन परिवारों के बंद कमरों में भी रिश्तों (वाइफ) की अदला-बदली का यह अदृश्य प्रदूषण बहुत तेजी से पाँव पसार रहा है.

सोशल मीडिया का डार्क नेट और गुप्त समूहों का इनसाइड पैटर्न (The Secret Digital Networks)

इस कुप्रथा के गांवों, कस्बों और छोटे शहरों तक इतनी तीव्र गति से फैलने के पीछे कोई सामाजिक स्वीकृति या खुलापन नहीं है, बल्कि इसके पीछे तकनीक द्वारा दी गई ‘डिजिटल गोपनीयता’ (Digital Anonymity) का एक बहुत बड़ा छ्द्मजाल काम कर रहा है. स्मार्टफोन की स्क्रीन पर मिलने वाली निजता और एंड-टू-एंड एन्क्रिप्टेड (End-to-End Encrypted) मैसेजिंग एप्प्स, जैसे टेलीग्राम (Telegram), व्हाट्सएप (WhatsApp) और फेसबुक (Facebook) के अत्यंत गोपनीय व गुप्त समूहों (Confidential Groups) ने इन भटके हुए शादीशुदा जोड़ों को ऐसा सुरक्षित मंच दे दिया है, जहाँ वे समाज और परिवार की नज़रों से पूरी तरह बचकर अपनी यौन विकृतियों को अंजाम देते हैं.

इन गुप्त डिजिटल नेटवर्क के काम करने का आतंरिक तरीक़ा (Inside Pattern) किसी अंतर्राष्ट्रीय संगठित आपराधिक सिंडिकेट (Organized Crime Network) की तरह होता है, जिसे इन मुख्य बिंदुओं (Key Points) के माध्यम से समझा जा सकता है:

(1) अत्यंत कड़ा स्क्रीनिंग और वैरिफिकेशन प्रोसेस (Strict Vetting): इन सीक्रेट टेलीग्राम और फेसबुक ग्रूप में कोई भी आम इंटरनेट यूजर सीधे तौर पर सर्च करके शामिल नहीं हो सकता है. इन समूहों के संचालकों (Group Admins) द्वारा नए जोड़ों को शामिल करने के लिए एक बेहद जटिल और कड़े सुरक्षा चक्र से गुजरना पड़ता है. नए कपल को सबसे पहले अपनी शादी की असली तस्वीरें, शादी का निमंत्रण पत्र (Wedding Card) और यहाँ तक कि आधार कार्ड या पैन कार्ड जैसे सरकारी पहचान पत्र (ID Proofs) तक जमा करने पड़ते हैं.

(2) वीडियो वैरिफिकेशन (Live Video Verification): केवल दस्तावेजों से बात नहीं बनती है. ग्रूप एडमिन नए जोड़े का लाइव वीडियो कॉल के माध्यम से वेरिफिकेशन करते हैं, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि ग्रूप में शामिल होने वाला व्यक्ति अपनी असली पत्नी के साथ ही आ रहा है, न कि कोई पुलिस अधिकारी, खोजी पत्रकार या ख़ुफ़िया एजेंसी का सदस्य इस नेटवर्क में घुसपैठ कर रहा है.

(3) कोड वर्ड और छद्म नाम (Codewords & Pseudonyms): इन समूहों के भीतर किसी भी व्यक्ति को अपना असली नाम, पेशा या शहर बताने की सख्त मनाही होती है. सदस्य आपस में बात करने के लिए कोड वर्ड (जैसे ‘सर्चिंग कपल’, ‘स्विंगर्स’, ‘म्युचुअल फन’) और फर्जी प्रोफाइल का उपयोग करते हैं. दिन के उजाले में समाज के सामने ख़ुद को ‘सात्विक’. ‘शाकाहारी’ और ‘संस्कारी’ बताने वाले ये रईस और संभ्रांत शादीशुदा जोड़े रात के अंधेरे में इन गुप्त डिजिटल गलियारों में अपनी मर्यादाओं का सौदा बेख़ौफ़ होकर करते हैं.

(4) फर्जी जोड़ों का व्यावसायिक खेल (Fake Couples Racket): इस खेल में एक और अजीबोगरीब और गंदा धंधा सामानांतर रूप से चल रहा है. कई बार इन विशिष्ट स्वैपिंग ग्रूप और पार्टियों में प्रवेश पाने के लिए अकेले पुरुष (Single Males) पैसों के दम पर किसी कॉल गर्ल, सेक्स वर्कर या अन्य महिला को किराये पर लेते हैं. उन्हें बाक़ायदा वाइफ (पत्नी) बनाकर, मांग में सिंदूर और गले में मंगलसूत्र पहनाकर इन पार्टियों का हिस्सा बनाया जाता है. यह स्थिति स्पष्ट करती है कि यह प्रवृत्ति केवल कोई व्यक्तिगत सनक या शौक नहीं है, बल्कि यह धीरे-धीरे एक संगठित और अवैध सेक्स रैकेट (Sex Racket) का रूप धारण करती जा रही है.

प्रामाणिक साक्ष्य और अदालती मामले (Judicial & Media Evidence)

यह दावा केवल खोजी कहानियों या वैचारिक अनुमानों पर नहीं है, बल्कि देश की कानून व्यवस्था, पुलिस रिकॉर्ड और मुख्यधारा की मीडिया (Mainstream Media) की रिपोर्ट इस कड़वे सच पर मुहर लगाती हैं. हाल के वर्षों में देश के विभिन्न कोनों से आये दो बड़े मामलों में इस छिपे हुए नेटवर्क के विस्तार को पूरी तरह उजागर किया है:

केरल का करुकाचल (कोट्टायम) सामूहिक मामला (2022): दक्षिण भारत के इस अत्यधिक साक्षर राज्य में जब पुलिस ने सोशल मीडिया के माध्यम से चल रहे एक बहुत बड़े पार्टनर-स्वैपिंग रैकेट का भंडाफोड़ किया, तो पूरा देश स्तब्ध रह गया. पुलिस की प्राथमिक जांच में सामने आया कि टेलीग्राम और मैसेंजर के गुप्त समूहों (Confidential Groups) के माध्यम से लगभग 1,000 से अधिक शादीशुदा जोड़े आपस में जुड़े हुए थे. इस नेटवर्क में कोई असामाजिक तत्व नहीं, बल्कि समाज के बहुत प्रतिष्ठित, मध्यमवर्गीय और उच्च-शिक्षित परिवारों से ताल्लुक रखने वाले नौकरीपेशा लोग शामिल थे, जो केवल मेट्रो शहरों में ही नहीं, बल्कि छोटे-छोटे क़स्बों में बैठकर इस घिनौने खेल का हिस्सा बन रहे थे. इस चौंकाने वाली पूरी घटना की रिपोर्ट इंडियन एक्सप्रेस ने छापी है, जो यह साबित करती है कि यह समस्या समाज की जड़ों को कितना खोखला कर चुकी है.

दिल्ली-एनसीआर (नोएडा) का घरेलू हिंसा मामला (2023): महानगरों से सटे उपनगरों और टियर-2 शहरों का मिजाज़ कितनी तेजी से बदल रहा है, इसका प्रमाण नोएडा में दर्ज हुआ एक पुलिस मामला है. यहां एक बहुराष्ट्रीय कंपनी (MNC) में काम करने वाले उच्च-शिक्षित व्यक्ति ने अपनी पत्नी पर इन वाइफ स्वैपिंग पार्टियों का हिस्सा बनने और दूसरे पुरुषों के साथ शारीरिक संबंध बनाने के लिए लगातार मानसिक दबाव बनाया. जब महिला ने अपनी सांस्कृतिक मर्यादाओं का हवाला देकर इसका पुरजोर विरोध किया, तो उसे गंभीर घरेलू हिंसा (Domestic Violence) का शिकार होना पड़ा. इस घटना ने साबित किया कि आधुनिकता और शिक्षा का चश्मा पहनने वाला समाज अंदर से किस क़दर विकृत हो चुका है. इस कड़वी हक़ीक़त का पूरा विवरण इंडिया टुडे की रिपोर्ट में देखा जा सकता है.

सूरत में वाइफ स्वैपिंग- सोशल मीडिया और न्यूज़ मीडिया की रिपोर्ट (जून 2026): गुजरात की एक महिला ने सूरत और राजकोट में वाइफ स्वैपिंग (पत्नी-अदला-बदली) का एक बड़ा रैकेट होने का दावा करते हुए कहा कि उसमें 400 से अधिक शादीशुदा जोड़े शामिल हैं. वे फर्जी सोशल मीडिया एकाउंट के ज़रिए परिचय और पार्टियों में मेल-मुलाक़ात कर होटल बुक कराते हैं और वहाँ अपनी यौन विकृतियों क अंजाम देते हैं. उसका दावा है कि मध्यमवर्ग के लोगों को इसमें एक रात के लिए ₹20,000 तक की पेशकश भी की जाती है.

Bhaskar English की रिपोर्ट के अनुसार महिला का विवाह 2022 में हुआ था. उसने आरोप लगाया कि क़रीब तीन महीने बाद ही उसके पति, जेठ और जेठानी उसपर वाइफ स्वैपिंग के लिए दबाव बनाने लगे. विरोध करने उसे शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जाने लगा, तो उसने शिक़ायत की और केस दर्ज करवाया.

ये साक्ष्य यह स्पष्ट रूप से दर्शाते हैं कि जब विवाह के पवित्र और दार्शनिक आधार को भुलाकर उसे केवल शारीरिक या क़ानूनी समझौता मान लिया जाता है, तब समाज इसी प्रकार के नैतिक पतन की ओर अग्रसर होता है.

2.मनोवैज्ञानिक आयाम (Psychological Dimension): ‘सहमति’ का छद्मजाल और मानसिक खोखलापन

वाइफ स्वैपिंग जैसी अनैतिक और आत्मघाती जीवनशैली के तेजी से होते प्रसार के पीछे केवल सामाजिक लोकलाज का बिखरना या डिजिटल गोपनीयता का दुरूपयोग ही जिम्मेदार नहीं है, बल्कि इसके पीछे एक अत्यंत जटिल, विकृत और बीमार मनोविज्ञान (Distorted Psychology) काम कर रहा है. इंटरनेट के गुप्त समूहों (Confidential Groups) में इस कुप्रथा की वकालत करने वाले लोग अक्सर इसे म्युचुअल कंसेंट (Mutual Consent), व्यक्तिगत स्वतंत्रता और आधुनिक जीवनशैली (Modern Lifestyle) का चमकीला मुखौटा पहनाकर सही ठहराने का कुतर्क गढ़ते हैं. परंतु, यदि इसके मनोवैज्ञानिक धरातल की गहराई में झाँका जाये, तो आधुनिकता के इस आवरण के पीछे केवल तीव्र मानसिक कुंठा, अवसाद और वैचारिक खोखलापन ही दिखाई देता है.

वैवाहिक ऊब (Marital Boredom) और ‘मिड लाइफ क्राइसिस’ का मनोविज्ञान

मनोवैज्ञानिकों और समाजशास्त्रियों के अनुसार, इस भटकाव का एक बड़ा कारण विवाह के कुछ वर्षों बाद आने वाला खालीपन या वैवाहिक ऊब (Marital Boredom) है. आमतौर पर 40 से 60 वर्ष की उम्र के बीच जब इंसान अपनी पारिवारिक जिम्मेदारियों (जैसे बच्चों की शिक्षा या करियर) से थोड़ा मुक्त होता है, तो वह अजीब क़िस्म के मिड-लाइफ क्राइसिस (Mid-Life Crisis) से गुजरता है. इस पड़ाव पर आकर जब जीवन में कुछ नया या रोमांच (Excitement) नहीं बचता है, तो अपनी मानसिक नीरसता को दूर करने के लिए भटका हुआ मानस अनैतिक रास्तों की तलाश करने लगता है.

उपभोक्तावादी संस्कृति ने इंसानी दिमाग को इस क़दर प्रभावित किया है कि अब वह हर चीज़ को यूज़ एंड थ्रो (Use and Throw) के चश्मे से देखने लगा है. जिस प्रकार लोग पुरानी गाड़ियों या मोबाइल फोन बदलकर नया मॉडल लेकर रोमांच का अनुभव करते हैं, उसी विकृत मानसिकता के तहत इस नेटवर्क में शामिल लोग अपने जीवनसाथी को भी एक वस्तु (Commodity) की तरह बदलने की सनक पाल बैठते हैं. यह प्रवृत्ति मानसिक रूप से बेहद अस्थिर और खोखले व्यक्तित्व की पहचान है.

सहमति बनाम गैसलाइटिंग (The Illusion of Consent & Gaslighting)

स्विंगर्स संस्कृति से जुड़े मंचों पर यह दावा बढ़-चढ़कर किया जाता है कि इस खेल में शामिल होने वाले पति और पत्नी, दोनों की मर्जी शामिल होती है. परंतु, पुलिस जांच और अदालतों के सामने आने वाले केस अध्ययन (Case Studies) में यह सच पूरी तरह उजागर हो चुका है कि इस तथाकथित सहमति के पीछे एक भयानक मनोवैज्ञानिक प्रताड़ना छिपी होती है. अधिकांश मामलों में महिलाएं इसके लिए मानसिक रूप से कभी तैयार नहीं होती हैं.

यहां पतियों द्वारा पत्नियों के साथ मानसिक छलावा या गैसलाइटिंग (Gaslighting) की जाती है. गैसलाइटिंग एक ऐसी मनोवैज्ञानिक कलाबाजी है जिसमें सामने वाले व्यक्ति को मानसिक रूप से इतना कमज़ोर और भ्रमित कर दिया जाता है कि वह अपनी सोच पर संदेह करने लगता है. हाल ही दिल्ली उच्च न्यायलय के सामने एक ऐसा ही गंभीर मामला सामने आया, जहाँ एक व्यक्ति अपनी पत्नी की फर्जी सोशल मीडिया आईडी बनाकर उसे जबरन इस दलदल में धकेल रहा था. द हिंदू की रिपोर्ट के अनुसार, इस क्रूर मानसिक प्रताड़ना को देखते हुए हाईकोर्ट ने आरोपी पति की जमानत याचिका खारिज़ कर दी.

अब तक की खोज और कुछ स्टिंग ऑपरेशन में पता चला है कि पति अक्सर अपनी पत्नियों को आउटडेटेड या पिछड़ी सोच वाली कहकर लगता ताने देते हैं. उन्हें यह विश्वास दिलाया जाता है कि यदि वे इस नेटवर्क का हिस्सा नहीं बनेंगी, तो वे समाज में मॉडर्न और प्रोग्रेसिव नहीं कहलाएंगी. इस निरंतर मानसिक प्रताड़ना (Mental Harassment) और इमोशनल ब्लैकमेलिंग (Emotional Blackmail) के आगे घुटने टेककर जब कोई महिला ‘हाँ’ कहती है, तो यह सहमति नहीं, बल्कि मानसिक आघात (Trauma) का परिणाम होती है.

किटी पार्टियों और जिगोलो मार्केट का आंतरिक संबंध (The Parallel Flesh Market)

इस विकृत मनोविज्ञान का एक और भयावह पहलू तब देखने को मिलता है जब यह सनक केवल कपल्स (जोड़ों) तक सीमित न रहकर एक बड़े व्यावसायिक ब्लैक मार्केट (Black Market) से हाथ मिला लेती है. बिना कड़ी मेहनत के फटाफट पैसा कमाने और शारीरिक भूख मिटाने की इस अंधी दौड़ ने देश के भीतर जिगोलो यानी मेल एस्कॉर्ट (Male Escorts) के धंधे को बहुत तेजी से हवा दी है. स्वतंत्र पत्रकारों और समाजशास्त्रियों के शोध के अनुसार, संभ्रांत और उच्च-मध्यमवर्गीय परिवारों की कई अकेली या वैवाहिक जीवन से असंतुष्ट महिलाएं तथाकथित किटी पार्टियों (Kitty Party) के नाम पर गुप्त ‘जिगोलो पार्टियां’ आयोजित कर रही हैं, जहाँ पैसों के दम पर पुरुषों को कुछ घंटों या रातभर के लिए किराए पर लिया या ख़रीदा जाता है.

यह आंतरिक संबंध स्पष्ट करता है कि वाइफ स्वैपिंग और जिगोलो मार्केट, दोनों एक ही सिक्के के दो पहलू हैं, जिनकी जड़ें रिश्तों को पवित्र संस्कार मानने के बजाय केवल एक शारीरिक उपभोग का माध्यम समझने की बीमार मानसिकता पर टिकी है.

पारिवारिक बिखराव और बच्चों के दिमाग पर बुरा प्रभाव

मनोवैज्ञानिक दृष्टिकोण से इस अमर्यादित जीवनशैली का सबसे क्रूर और मासूम शिकार घर के बच्चे होते हैं. अपनी इस गुप्त सनक को पूरा करने के लिए माता-पिता बच्चों के सामने एक दोहरा और पाखंडी चरित्र जीते हैं. अपनी गुप्त मुलाकातों या पार्टियों के समय वे बच्चों से लगातार झूठ बोलते हैं, उन्हें कमरों में बंद कर देते हैं या घर से बाहर भेज देते हैं.

जब बच्चे बड़े होते हैं और उन्हें किसी न किसी माध्यम से (जैसे माता-पिता के मोबाइल चैट या गुप्त गतिविधियों से) अपने ही माता-पिता के इस अनैतिक सच का पता चलता है, तो उनका पूरा विश्वास तंत्र (Trust System) ध्वस्त हो जाता है. केरल में जब एक बड़े नेटवर्क का भंडाफोड़ हुआ, तब इंडिया टुडे की रिपोर्ट के अनुसार तब यह सामने आया कि कैसे संभ्रांत परिवारों के लोग बच्चों को बहला-फुसलाकर बंद कमरों के पीछे यह खेल खेल रहे थे. जिन माता-पिता को वे अपना आदर्श मानते थे उनका यह घिनौना रूप देखकर बच्चे गहरे डिप्रेशन, अत्यधिक एन्ग्जायटी (Anxiety) और गंभीर मानसिक विकारों (Psychological Disorders) का शिकार हो जाते हैं. ऐसे टूटे हुए परिवारों के बच्चे अक्सर समाज से कट जाते हैं और उनका पूरा भविष्य अंधकारमय हो जाता है.

कानूनी आयाम (Legal Dimension): व्यभिचार कानून का अंत और विवाह संस्था पर कानूनी प्रहार

भारतीय समाज में पारिवारिक मर्यादाओं और वैवाहिक निष्ठा को अक्षुण्ण बनाये रखने में सामाजिक लोकलाज के साथ-साथ ‘कानून के डर’ की हमेशा से एक बहुत बड़ी और निर्णायक भूमिका रही है. लेकिन, पिछले कुछ वर्षों में हुए न्यायिक सुधारों, ऐतिहासिक बदलावों और वैधानिक व्याख्याओं (Judicial Interpretations) ने अनजाने में ही वाइफ स्वैपिंग जैसी अमर्यादित और अनैतिक प्रवृत्तियों के लिए एक अदृश्य वैधानिक रक्षा-कवच (Legal Shield) का काम किया है. जब कानून के गलियारों से नैतिकता का पहरा हट जाता है, तो समाज में ऐसी विकृतियों को फलने-फूलने का खुला रास्ता मिल जाता है.

व्यभिचार कानून (Adultery Law) का खात्मा और ख़त्म होता कानूनी भय

रिश्तों के इस कानूनी पतन को समझने के लिए हमें साल 2018 के उस ऐतिहासिक मोड़ को देखना होगा, जिसने भारतीय परिवार व्यवस्था की नींव की हिलाकर रख दिया. देश की सर्वोच्च अदालत (Supreme Court) ने ‘जोसेफ शाइन बनाम भारत संघ’ मामले में भारतीय दंड संहिता (IPC) की धारा 497 यानी व्यभिचार कानून (Adultery Law) को पूरी तरह से असंवैधानिक घोषित करते हुए निरस्त कर दिया था. अदालत का मुख्य तर्क था कि पति अपनी पत्नी का स्वामी या मालिक नहीं है और विवाह से इतर किसी अन्य पुरुष या महिला के साथ सहमति से शारीरिक संबंध बनाना कोई आपराधिक कृत्य (Criminal Offence) नहीं हो सकता है; यह केवल सिविल कानून के तहत संबंध विच्छेद या तलाक (Divorce) का एक आधार बन सकता है. इस फैसले का व्यावहारिक और समाजशास्त्रीय प्रभाव यह हुआ कि समाज के एक ख़ास, भटके हुए और आधुनिकतावादी वर्ग के मन से ‘कानूनी दंड’ का डर पूरी तरह गायब हो गया. जब देश की सबसे बड़ी अदालत ने विवाह से बाहर बनाने वाले शारीरिक संबंधों को अपराध के दायरे से बाहर कर दिया, तो वाइफ स्वैपिंग के गुप्त नेटवर्क को इंटरनेट पर और गुप्त कमरों में पैर पसारने का एक प्रत्यक्ष वैधानिक रास्ता मिल गया. जो कृत्य पहले जेल की सजा और सामाजिक कलंक का कारण बन सकता था, अब वह व्यक्तिगत स्वतंत्रता (Personal Liberty) और निजता के अधिकार (Right to Privacy) के नाम पर कानून की नज़रों में दोषमुक्त हो गया. इसी वैधानिक ढीलेपन का फ़ायदा उठाकर स्विंगर्स और पार्टनर एक्सचेंज करने वाले ग्रूप सोशल मीडिया पर बेख़ौफ़ होकर सक्रिय हो गए हैं.

एक बड़ा वैधानिक विरोधाभास: एडल्ट्री की छूट बनाम मैरिटल रेप लॉ की मांग

यहां भारतीय न्याय व्यवस्था, बौद्धिक विमर्श और समकालीन वैधानिक बहसों में एक बहुत बड़ा और चिताजनक विरोधाभास (The Great Legal Paradox) देखने को मिलता है. एक तरफ़ जहाँ देश का कानून विवाह से बाहर किसी भी अन्य तीसरे व्यक्ति के साथ शारीरिक संबंध बनाने की पूरी आजादी देता है और इसे अपराध मानने से साफ़ इनकार करता है. वहीं दूसरी तरफ़, वर्तमान में वैवाहिक बलात्कार या मैरिटल रेप (Marital Rape) को एक स्वतंत्र आपराधिक श्रेणी (Criminal Category) में लाने और पतियों को जेल भेजने की एक पुरजोर देशव्यापी क़वायद चल रही है.

यह विरोधाभास बेहद चौंकाने वाला और भारतीय पारिवारिक ढाँचे को अस्थिर करने वाला है. विवाह संस्था के भीतर (पति-पत्नी के बीच निजी संबंधों को) तो कानूनी तौर पर आपराधिक दायरे (Criminal Purview) में लाने का पूरा प्रयास किया जा रहा है, लेकिन विवाह के बाहर होने वाले अनैतिक, अमर्यादित और विनाशकारी यौन संबंधों को वैधानिक रूप से पूरी तरह दोषमुक्त कर दिया गया है. इस दोहरी नीति के पीछे छिपे हुए सांस्कृतिक एजेंडे और भारतीय समाज पर इसके प्रभाव को समझने के लिए इस विषय का गहन विश्लेषण आवश्यक है.

जब कानून यह विरोधाभास वाइफ स्वैपिंग जैसी प्रथाओं के साथ जुड़ता है, तो स्थिति और भी भयावह हो जाती है. जैसा कि हमने केरल और नोएडा के पुलिस मामलों देखा, पति अपनी पत्नियों को इन अनैतिक पार्टियों में शामिल करने के लिए मजबूर करते हैं. लेकिन व्यभिचार कानून (Adultery Law) के अस्तित्व में न होने के कारण, ऐसी पत्नियों की यौन विकृतियों को सीधे तौर पर रोकने के लिए को कड़ा और समर्पित कानून नहीं बचता है.

मौजूदा कानून की सीमाएं और वैधानिक विफलताएं

वर्तमान कानूनी ढाँचे में, यदि कोई पुरुष अपनी पत्नी को वाइफ स्वैपिंग के लिए, विवश करता है तो पुलिस के पास इसके ख़िलाफ़ कार्रवाई करने के लिए कोई सीधी और विशिष्ट धारा उपलब्ध नहीं है. ऐसे मामलों में पीड़ित महिला को भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 85 (जो पहले आईपीसी की धारा 498ए थी) यानी वैवाहिक क्रूरता (Cruelty) और घरेलू हिंसा अधिनियम 2005 (Domestic Violence Act) का सहारा लेना पड़ता है.

अदालती मामलों के विश्लेषण से पता चलता है कि पतियों का दुस्साहस इसलिए बढ़ जाता है क्योंकि उन्हें पता होता है कि सहमति से किये गए संबंधों पर कानून मौन है. जब तक कोई महिला ख़ुद आगे आकर प्रताड़ना और जबरदस्ती का मामला दर्ज़ नहीं कराती है, तब तक कानून इन गुप्त समूहों पर कोई स्वतः संज्ञान (Suo Motu) नहीं ले पाता है.

हाल ही में दिल्ली हाईकोर्ट द्वारा एक पीड़ित पत्नी को न्याय देने और आरोपी पति की जमानत अर्जी खारिज़ करने से जुड़े मामले में अदालत ने माना कि पत्नी को इस तरह के कृत्यों के लिए मजबूर करना क्रूरता की पराकाष्ठा है. यह कानूनी शून्यता (Legal Vacuum) स्पष्ट करती है कि विदेशी तर्ज पर बनाये जा रहे कानून अंततः देश की हज़ारों साल पुरानी पारिवारिक शांति और सनातन विवाह पद्धति को छिन्न-भिन्न करने का साधन बनते जा रहे हैं.

निष्कर्ष (Conclusion): मर्यादा और कर्तव्य की पुनर्स्थापना

वाइफ स्वैपिंग जैसी प्रवृत्तियाँ किसी भी सभ्य, मर्यादित और प्रगतिशील समाज के लिए आधुनिकता का पैमाना नहीं हो सकती है. यह आधुनिकता नहीं, बल्कि वैचारिक, मानसिक और नैतिक पतन की पराकाष्ठा है.

विडंबना देखिये कि इसी समाज में जहाँ बहू-बेटियों की तरफ़ कामुक दृष्टि से भी देखे जाने पर मन में मारने-मरने तक के भाव उत्पन्न हो जाते हैं, लोग कानून अपने हाथ में ले लेते हैं वहीं, ऐसे लोग भी हैं जो अपनी ही पत्नी को, जिसकी गरिमा, शील और आत्मसम्मान की रक्षा का वचन देते हैं, उसे ही सजा-धजाकर गैर-मर्द के हवाले कर रहे हैं. इस पत्नियों की अदला-बदली में कई बार तो यौन विकृति का नंगा नाच न केवल एक-दूसरे के सामने, बल्कि समूह में भी होता है!

हम भूल गए हैं कि जब हम केवल क्षणिक शारीरिक सुख या ‘रोमांच’ के नाम पर मर्यादाओं की लक्ष्मण रेखा को लांघने लगते हैं, तो समाज आंतरिक रूप से खोखला होने लगता है.

समय आ गया है कि देश का शासन तंत्र, न्यायपालिका, मीडिया और जागरूक नागरिक इस अदृश्य सामाजिक प्रदूषण के ख़िलाफ़ एकजुट हों. ब्याह को केवल उपभोग का लाइसेंस और ब्याहता को एक वस्तु (Commodity) बनने से बचाना होगा. इसके लिए ख़ुद को काबू में रखने या स्व-नियंत्रण के मूल मंत्र, जैसा कि मुंशी प्रेमचंद ने लिखा है- ‘मन की चंचलता को कर्तव्य की डोरी से बांधना ही पड़ता है’ को व्यवहार में उतारना होगा. क्योंकि, यदि आज हमने आधुनिकता के इस छद्मजाल से अपने परिवारों की पवित्र नींव को नहीं बचाया, तो आने वाली पीढियाँ हमारे इस मौन को कभी क्षमा नहीं करेंगी.

    Support us for the Truth

    Information platforms that spread lies never lack funding. They have a well-organised international network that keeps their business running. We need your support to fight them. Please contribute whatever you can afford.

    Pay

    Show More

    रामाशंकर पांडेय

    दुनिया में बहुत कुछ ऐसा है, जो दिखता तो कुछ और है पर हक़ीक़त में वह होता कुछ और ही है. इसीलिए कहा गया है कि चमकने वाली हर चीज़ सोना नहीं होती है. यही ध्यान में रखते हुए, हमारा यह दायित्व बनता है कि हम लोगों तक स्पष्ट और सही जानकारी पहुंचाएं. खासतौर से, समाज, संस्कृति, राजनीति, इतिहास, धर्म, ज्ञान-विज्ञान, आदि से जुड़ी जानकारी को लेकर एक माध्यम का पूर्वाग्रह रहित और निष्पक्ष होना ज़रूरी है. khulizuban.com का प्रयास इसी दिशा में एक क़दम है.

    Leave a Reply

    Back to top button

    Discover more from KHULIZUBAN

    Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

    Continue reading

    Enable Notifications OK No thanks